एनएच-24 और जीटी रोड पर ट्रक और टेंपो खराब होने से मंगलवार को करीब साढ़े तीन घंटे तक जाम लगा रहा। ट्रैफिक पुलिस के मोबाइल ऐप- सोशल मीडिया से जानकारी मिलने के बाद ट्रैफिक पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और जाम खुलवाया।
दोपहर डेढ़ बजे हापुड़ से घंटाघर की ओर जाने वाली सड़क पर एक टेंपो खराब हो जाने की वजह से जाम लग गया। ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने जाम को खुलवाने के लिए कुछ देर के लिए वनवे करना पड़ा।
इससे घंटाघर से हापुड़ की ओर जाने वाले वाहनों चालकों को डेढ़ घंटे तक जाम से जूझना पड़ा। ट्रैफिक ऐप से जानकारी मिलने के बाद ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने टेंपो हटवाकर जाम खुलवाया।
उधर, इससे पहले एनएच-24 पर सुबह करीब नौ बजे एबीईएस कॉलेज के पास हापुड़ से दिल्ली जाने वाले रोड पर एक ट्रक खराब हो गया। इसकी वजह से लाल कुआं से लेकर हिंडन कट तक वाहनों की कई किलोमीटर लंबी कतारें लग गईं।
जाम देखकर कुछ वाहन चालक दिल्ली से हापुड़ वाले रोड पर रांग साइड आ गए। इससे कुछ देर बाद दिल्ली से हापुड़ जाने वाले रोड पर भी जाम लग गया। सुबह 11 बजे तक वाहन रेंगते रहे। ऑफिस जाने वाले लोगों को जाम की वजह से देरी हुई।
कुछ वाहन चालकों ने जाम की तस्वीरें यूपी ट्रैफिक पुलिस की नई ऐप, व्हाट्स ऐप और ट्विटर पर शेयर कीं तो पुलिस हरकत में आई और जाम को खुलवाया। इस संबंध में एसपी ट्रैफिक ने बताया कि लोग ट्रैफिक ऐप से जाम की सूचना पुलिस को दें। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंचेगी और जाम खुलवाएगी।