लोनी। भारत सिटी सोसायटी निवासी शिक्षिका चेताली (55) की स्कूटी को ट्रैक्टर-ट्रॉली ने टक्कर मारकर कुचल दिया। घटना बुधवार सुबह सात बजे बंथला-चिरोड़ी मार्ग पर हुई। आरोप है कि चालक तेज गति और विपरीत दिशा से ट्रैक्टर लेकर आया और उनको टक्कर मार दी। ट्राॅली ईटों से ओवरलोड भरी थी। घटना की सूचना पर पुलिस और परिजनों मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने महिला का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर, पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करके आरोपी चालक हाजीपुर बेहटा निवासी मोहित उर्फ मोनू को गिरफ्तार कर लिया।
लोनी निवासी देवाशीष भारत सिंटी में पत्नी चेताली और दो बेटों के साथ रहते हैं। वह स्वयं नोएडा की एक निजी कंपनी में जॉब करते हैं। चेताली बंथला चिरोड़ी रोड स्थित निजी स्कूल में शिक्षिका थीं। रोज की तरह वह सुबह करीब पौने सात बजे स्कूटी से स्कूल के लिए निकली और चंद मिनट बाद ही बंथला-चिरोड़ी मार्ग स्थित आईसीडी कंटेनर डिपो के सामने पहुंची। उसी दौरान विपरीत दिशा से तेज स्पीड में आए ईंटों से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली ने टक्कर मार दी। संतुलन बिगड़ने से शिक्षिका रोड पर गिर गई और ट्रैक्टर का पहिया उनके सिर को कुचलते हुए निकल गया। इससे चेताली की मौके पर मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी चालक मौके पर ट्रैक्टर-ट्रॉली को मौके पर छोड़कर भाग गया। एसीपी लोनी सिद्धार्थ गौतम का कहना है कि पति देवाषीष की शिकायत पर पुलिस ट्रैक्टर-ट्राली आरोपी चालक हाजीपुर बेहटा निवासी मोहित उर्फ मोनू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके उसे गिरफ्तार कर लिया है।
ओवरलोड वाहनों पर नहीं होती कार्रवाई
जिले में आए दिन ओवरलोड वाहनों की वजह से हादसे होते हैं, लेकिन यातायात पुलिस और परिवहन विभाग की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की जाती है। ट्रैक्टर-ट्राली हर रोज ओवरलोड होकर चलते हैं और पुलिस-परिवहन विभाग के अधिकारी देखकर भी अनदेखा करते हैं। इस संबंध में सिरोली गांव निवासी जोगेंदर ने पुलिस और परिवहन विभाग को पत्र लिखा है।
-