साहिबाबाद। इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के वसुंधरा रेड लाइट के पास एक तेज रफ्तार इनोवा कार ने स्विफ्ट डिजायर कार को टक्कर मार दी। हादसे में स्विफ्ट कार चालक को गंभीर चोट आई है। मामले में घायल व्यक्ति के बहनोई ने इनोवा कार चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
मूलरूप से फर्रूखाबाद के रुदायन निवासी अंकित सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सात दिसंबर की देर रात वह अपने साले के साथ अपनी स्विफ्ट डिजायर कार से मोहन नगर जा रहे थे। रास्ते में वसुंधरा रेड लाइट पर जैसे ही वह अपनी कार मोड़ने लगे तभी पीछे से आ रही एक इनोवा कार ने उनकी कार में टक्कर मार दी। हादसे में कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई और उनके साले कार के भीतर बेहोश हो गए। मौके पर जुटे राहगीरों ने उन्हें जिला एमएमजी अस्पताल में भर्ती कराया। यहां से वह उन्हें बरेली के अस्पताल ले गए। जहां उनका उपचार चल रहा है। पीड़ित ने मामले में 28 दिसंबर को पुलिस से शिकायत की। एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव का कहना है कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी चालक की तलाश की जा रही है।