साहबाबाद। कांग्रेस नेता आचार्य प्रमोद कृष्णम ने मां लक्ष्मी पर विवादित टिप्पणी करने पर सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।
आचार्य ने सपा नेता द्वारा एक दिन पूर्व मां लक्ष्मी पर विवादित बयान देने पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि हिंदुओं की आस्था को ठेस पहुंचाना आज कल फैशन बन गया है। इस फैशन में सपा नेता सबसे आगे रहते हैं। आचार्य ने कहा कि वह योगी आदित्यनाथ से लिखित में मांग करेंगे कि वह ऐसे बयानबाजी करने पर रोक लगाए और इस तरह के बयान देने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें। आचार्य ने कहा कि करोड़ों सनातन लोगों की आस्था को ठेस पहुंचाने का अधिकार किसी को नहीं है। ऐसे बोल बोलने वाले नेता हो या कोई और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।