ग्रेटर गाजियाबाद को लेकर निगम की ओर से पूरी तैयारी कर ली गई है। ग्रेटर गाजियाबाद बनाने के लिए नगर निगम और प्रशासन सहित संबंंधित विभाग के अधिकारी तेजी से काम करने में जुटे हैं। अधिकारियों को नक्शा तैयार करने से लेकर जनसंख्या और अन्य पहलुओं को ध्यान में रखते हुए रिपोर्ट तैयार करने को कहा है। निगम की ओर से 20 गांवों का सर्वे करके रिपोर्ट तैयार कर लिया गया है। अब यह रिपोर्ट जिलाधिकारी के माध्यम से शासन को भेजा जाएगा। इसको लेकर निगम के अधिकारी तैयारी में जुटे हुए हैं।
ग्रेटर गाजियाबाद बनाने के लिए खोड़ा, कनावनी, लोनी और डासना नगर पंचायत के साथ ही मुरादनगर 20 गांवों को जोड़ने की योजना बना रहा है। इन सभी क्षेत्रों के नक्शे का मिलान किया जा रहा है। इसकी रिपोर्ट तैयार की जा चुकी है। अब रिपोर्ट को जिलाधिकारी के यहां भेजा जाएगा। जहां से इसको शासन के पास भेजा जाएगा। शासन के पास से स्वीकृति होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गाजियाबाद दौरे के समय ग्रेटर गाजियाबाद बनाने की घोषणा की थी। इसमें खोड़ा, लोनी व मुरादनगर को मिलाकर ग्रेटर गाजियाबाद बनाने की योजना की थी। इसकी तैयारियां नगर-निगम, जीडीए और प्रशासन कर रहा है। इसके लिए पिछले दिनों जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक भी की थी। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने बताया कि जनसंख्या और क्षेत्र के हिसाब से नक्शा देखकर रिपोर्ट तैयार करने को कहा गया है। रिपोर्ट लगभग तैयार हो चुका है। इसको जिलाधिकारी के माध्यम से शासन को भेजा जाएगा।
इन क्षेत्रों को किस तरह से जोड़ा जाए, ताकि यह ग्रेटर गाजियाबाद की शक्ल ले सकें, इस पर मंथन लगभग पूरा हो चुका है। ग्रेटर गाजियाबाद में खोड़ा, लोनी और डासना के साथ मुरादनगर के गाजियाबाद सीमा से लगे 20 गांवों को जोड़ने की योजना है। इसका प्राथमिक नक्शा तैयार भी कर लिया गया है। हालांकि अभी इसे कुछ बदलाव के भी आसार बताए जा रहे हैं। सभी विभागों की सहमति के बाद इसे शासन को भेजा जाएगा।