उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण निर्माण खंड प्रथम की जमीन पर नगर निगम के नाम से पार्किंग की फर्जी पर्ची से वाहन चालकों से अवैध वसूली हो रही है। ट्रक, ई-रिक्शा और ऑटो व ट्रैक्टर-ट्राॅली से पार्किंग के नाम पर धनराशि वसूली जा रही है जबकि नगर निगम ने यूपीसीडा की जमीन पर पार्किंग का ठेका नहीं छोड़ा है। पार्किंग प्रभारी डॉ. संजीव सिन्हा ने अज्ञात पार्किंग संचालकों के खिलाफ कविनगर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।
नगर निगम के पार्किंग प्रभारी डॉ. संजीव सिन्हा के मुताबिक कविनगर क्षेत्र के अंतर्गत 25 से 30 अवैध पार्किंग बनाकर वाहन चालकों से अवैध वसूली हो रही है। यह वसूली नगर निगम के नाम से की जा रही है। निगम की फर्जी पर्ची वाहन चालकों को सौंप दी जाती है और उनसे अवैध वसूली हो रही है।
मात्र कविनगर जोन की बात करें तो बुलंदशहर रोड औद्योगिक क्षेत्र, अमृत स्टील कम्पाउंड के नजदीक, औद्योगिक क्षेत्र जीटी रोड, आईएमएस कॉलेज जीटी रोड से आत्मा स्टील चौराहे तक एनएच-9 के बराबर में, भाटिया पुल से आईएमएम काॅलेज जीटी रोड तक बुलंदशहर रोड औद्योगिक क्षेत्र और अमृत स्टील कम्पाउंड के निकट औद्योगिक क्षेत्र में ट्रक व अन्य वाहन चालकों से अवैध वसूली की जा रही है। नगर निगम ने यहां यूपीसीडा की जमीन पर कहीं भी पार्किंग का ठेका नहीं छोड़ा है।
ऐसे में वाहन संचालकों से अवैध वसूली करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है। एसीपी कविनगर भास्कर वर्मा ने बताया कि नगर निगम के पार्किंग प्रभारी की तहरीर पर अवैध पार्किंग संचालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही अवैध पार्किंग बंद कराई जाएंगी।