पीओके में आतंकवादियों के ठिकानों को सर्जिकल स्ट्राइक से ध्वस्त कर सैनिकों ने पाकिस्तान को सबक सिखाया है। सभी सैनिकों को इस ऑपरेशन के लिए बधाई। ये कहना था केंद्रीय मंत्री कलराज मिश्र का, जो बृहस्पतिवार को सांसद प्रवास कार्यक्रम के तहत मोहन नगर स्थित आईटीएस कालेज पहुंचे। इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और बहुजन समाज पार्टी पर जमकर निशाना साधा।
केंद्रीय सूक्ष्म लघु एवं मध्यम उद्योग मंत्री कलराज मिश्र आतंकवादियों के खिलाफ की गई सर्जिकल स्ट्राइक शुरुआत है। सैनिक कार्रवाई कर हमने कड़ा संदेश दिया है कि भारत आतंकवाद बर्दाश्त नहीं करेगा।
पाकिस्तान विश्व पटल पर पूरी तरह से बेनकाब हो चुका है। अब उसकी बहानेबाजी काम नहीं आने वाली। भारत ने हर बार पाकिस्तान के साथ दोस्ती का हाथ बढ़ाया, लेेकिन पाकिस्तान ने भारत को हल्के में लिया।
भारत सरकार की दूरदर्शिता का ही परिणाम है कि आज पाकिस्तान विश्व में अलग-थलग पड़ता जा रहा है। उन्होंने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए परिवार में चल रही कलह पर चुटकी ली। साथ ही कांग्रेस की खाट सभा पर कहा कि कांग्रेस अपना अस्तित्व बचाने की कोशिश कर रही है और बसपा के लोग ही उनसे दूर होते जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने बूथ लेवल पर तैयारी की है। इस मौके पर महानगर अध्यक्ष अजय शर्मा, महापौर आशु वर्मा, प्रभारी सत्येंद्र शिशौदिया, महामंत्री राजीव अग्रवाल, मीडिया प्रभारी प्रदीप चौधरी आदि मौजूद रहे।
इसके पहले उन्होंने बृज विहार मंडल में कार्यकर्ताओं के साथ चाय पर चर्चा की और भोपुरा मंडल में महामंत्री मानसिंह गोस्वामी के साथ कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाया।