एक बिजनेसमैन से विधायक बनकर मंत्रिमंडल में पहुंचे अतुल गर्ग के दिल में मलिन बस्तियों में रहने वाले लोगों के लिए अलग दर्द है। उन्होंने फिर यह बात दोहराई कि उनका सबसे ज्यादा फोकस मलिन बस्तियों के कायाकल्प और गरीबों को बेहतर इलाज दिलाने पर रहेगा। राज्यमंत्री ने सोमवार को ‘अमर उजाला’ रिपोर्टर राजीव शर्मा से फोन पर गाजियाबाद के बारे में अपनी प्लानिंग पर चर्चा की।
उन्होंने कहा कि जिम्मेदारी भले ही प्रदेश की निभानी हो, लेकिन इसमें गाजियाबाद के विकास का एजेंडा पीछे नहीं छूटेगा। शहर में कई बस्तियां ऐसी हैं, जहां गलियां तक नहीं बनीं, पीने के लिए पानी नहीं पहुंच रहा और निकासी के लिए नालियां तक नहीं बनी हैं। इन बस्तियों का कायाकल्प करना उनकी प्राथमिकता में सबसे ऊपर है।
उन्होंने कहा कि उनके विधानसभा क्षेत्र में चिकित्सा सुविधा बदहाल है। एक अलग शहर का रूप ले चुके लाइनपार क्षेत्र में पूर्व की सरकारों ने एक सरकारी अस्पताल तक नहीं खुलवाया। इस क्षेत्र के लोगों को एक मात्र सरकारी अस्पताल एमएमजी में जाना पड़ता है, लेकिन आबादी के लिहाज से वहां पहले ही मारामारी रहती है।
स्वास्थ्य सेवा को बेहतर करने के लिए नया अस्पताल बनवाना उनकी प्राथमिकताओं में पहले से शामिल है। इसके बाद सरकारी स्कूलों में शिक्षा के स्तर का सुधार कराने के अपने एजेंडे को भी वह अपने कार्यकाल में जरूर पूरा करेंगे। इसके लिए सरकार से अतिरिक्त पैसा लाकर सरकारी स्कूलों और शिक्षा का स्तर सुधारने का प्रयास करेंगे।
अतुल गर्ग का कहना है कि देश की राजधानी दिल्ली से जितनी दूरी गाजियाबाद की है, उतनी ही दूरी गुरुग्राम की भी है। बावजूद इसके विकास और इंफ्रास्ट्रक्चर की दौड़ में गाजियाबाद बेहद पीछे है।
गुरुग्राम की तर्ज पर गाजियाबाद का इंफ्रास्ट्रक्चर बनवाना भी उनके एजेंडे में महत्वपूर्ण स्थान रखता है और इसे वह पूरा करेंगे। इसके अलावा दुर्बल आय वर्ग की महिलाओं को विधवा, वृद्धा पेंशन, मकान के लिए सरकारी मदद दिलाएंगे। भाजपा की सरकार में हर वर्ग के लोगों का ख्याल रखा जाएगा।
--
हाईकमान जो जिम्मेदारी देगा निभाऊंगा : अतुल गर्ग
राज्य मंत्री अतुल गर्ग का कहना है कि हाईकमान ने मंत्रिमंडल में शामिल करके उन्हें बड़ा सम्मान दिया है। अब उनकी कोई विशेष मंत्रालय पाने की हसरत नहीं है। हाईकमान जो भी जिम्मेदारी देगा उसे पूरे समर्पण की भावना से निभाऊंगा। जनता की सेवा करूंगा। अपने क्षेत्र के लिए उन्होंने जो प्लानिंग कर रखी है, उसके साथ-साथ प्रदेश के अन्य क्षेत्रों के लिए भी काम करूंगा।