साहिबाबाद। टीएचए में गंगाजल की आपूर्ति बाधित होने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। वसुंधरा, वैशाली, कौशांबी, इंदिरापुरम समेत कई इलाकों में घरों तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंचने से दैनिक कामकाज प्रभावित हो रहा है। पानी की कमी के कारण लोगों को पीने के लिए बाजार से पानी खरीदना पड़ रहा है। वहीं, घरेलू जरूरतों को पूरा करने के लिए भी लोगों को वैकल्पिक इंतजाम करने पड़ रहे हैं।
वसुंधरा सेक्टर-दो बी निवासी अशोक ने बताया कि पेयजल आपूर्ति प्रभावित होने से सुबह अधिक परेशानी होती है। पानी नहीं मिलने के कारण खाना बनाने, नहाने और अन्य जरूरी कामों में दिक्कत आती है। लोगों को उम्मीद रहती है कि निर्धारित समय पर पानी मिलेगा, लेकिन आपूर्ति बाधित होने से उनकी दिनचर्या प्रभावित हो रही है। नीतीखंड निवासी रेनू ने बताया कि उनके इलाके में करीब चार दिन से पानी नहीं आ रहा है और पीने के लिए बाजार से पानी खरीदना पड़ रहा है। इससे परिवारों पर अतिरिक्त खर्च का बोझ भी बढ़ रहा है। लोगों का कहना है कि पेयजल जैसी बुनियादी सुविधा बाधित होने से रोजमर्रा की मुश्किल बढ़ रही हैं। लोगों ने संबंधित विभाग से गंगाजल की आपूर्ति जल्द बहाल करने और पेयजल वितरण व्यवस्था सुचारु रखने की मांग की है। उनका कहना है कि आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में वैकल्पिक व्यवस्था भी की जानी चाहिए, ताकि लोगों को पानी के लिए परेशान न होना पड़े। वहीं जलकल विभाग महाप्रबंधक केपी आनंद ने बताया कि प्रभावित इलाकों में टैंकर भेजकर पानी की आपूर्ति कराई जा रही है।