गाजियाबाद। चेन स्नेचिंग की वारदातों को अंजाम देने वाले बदमाश ने कविनगर थाना के उपनिरीक्षक को धक्का देकर भागने का प्रयास किया। टीम ने बदमाश की घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। बदमाश पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित है।
एसीपी कविनगर सूर्यबली मौर्य ने बताया कि 30 जून और 26 जुलाई 2025 को बाइक सवार दो बदमाशों ने अलग-अलग दो महिलाओं से सोने की चेन और कुंडल लूट की वारदात को अंजाम दिया था। एक बदमाश की पहचान हिमांशु निवासी गांव उदरा थाना तांडी जनपद हरदोई हाल निवासी दौलतपुरा सिहानी गेट के रूप में हुई है। दो दिन पूर्व उनकी लोकेशन दौलतपुरा अपने घर पर मिली। उसकी धरपकड़ के लिए उपनिरीक्षक अनुज गिल व चार पुलिसकर्मियों ने दबिश दी।
घेराबंदी कर उपनिरीक्षक ने हिमांशु को पकड़ लिया। हिमांशु ने घर के बाहर उपनिरीक्षक को धक्का दे दिया। इससे वह एक ग्रिल से टकरा गए और घायल हो गए। उपनिरीक्षक व अन्य पुलिसकर्मियों ने हिमांशु की घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।