गाजियाबाद। सीसीएसयू ने सत्र 2016-17 की विषम सेमेसटर के साथ मार्च में प्रस्तावित मुख्य परीक्षाओं के एग्जाम फार्म भरने से वंचित स्टूडेंट्स को बड़ी राहत दी है। अब स्नातक रेगुलर प्रथम वर्ष के स्टूडेंट्स 16 दिसंबर तक परीक्षा फार्म भर सकेंगे।
18 दिसंबर तक ऑनलाइन फीस व 20 दिसंबर तक कॉलेजों में परीक्षा फार्म जमा कराना होगा। वहीं, स्नातक (यूजी) व परास्नातक (पीजी) सेकेंड और थर्ड ईयर के परीक्षा फार्म भरने की प्रक्रिया 19 दिसंबर से शुरू होकर 27 दिसंबर तक चलेगी।
27 दिसंबर तक स्टूडेंट्स ऑनलाइन परीक्षा फीस और 29 दिसंबर तक कॉलेजों में कंपलीट परीक्षा फार्म जमा कर सकेंगे। विवि ने यूजी व पीजी के विषम सेमेस्टर परीक्षा फार्म भरने की तारीख बढ़ाकर 21 दिसंबर कर दी है। स्टूडेंट्स 24 दिसंबर तक ऑनलाइन एग्जाम फीस व 26 दिसंबर तक कॉलेजों में कंपलीट फार्म जमा करा सकेंगे।
सबसे आखिरी में यूजी और पीजी प्राइवेट फर्स्ट ईयर के एग्जाम फार्म की डेट अब बढ़कर 27 दिसंबर हो गई है। प्राइवेट स्टूडेंट्स 27 तक ही ऑनलाइन फीस भरने के बाद 29 दिसंबर तक कंपलीट फार्म कॉलेजों में जमा करा सकेंगे।
कॉलेजों को 31 दिसंबर तक विवि के संबंधित विभाग में फार्म जमा कराने होंगे। विवि के मीडिया प्रभारी प्रशांत कुमार ने बताया कि एग्जाम फार्म भरने से वंचित रहने वाले स्टूडेंट्स को सहूलियत देते हुए डेट बढ़ाई गई है। इसके बाद शेड्यूल में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा।