साहिबाबाद। टीलामोड़ थानाक्षेत्र के शरीफाबाद राजपुर निवासी कक्षा 11वीं की छात्रा शगुन की स्कूटी को तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रैक्टर सेे टक्कर लग गई। हादसे के समय छात्रा ट्यूशन पढ़ने जा रही थी। मामला 16 मई का है, इसमें पुलिस ने 18 मई की रात छात्रा के पिता विसराम की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी ट्रैक्टर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
एसीपी शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह ने बताया कि विसराम की बेटी शगुन 11वीं की छात्रा है। छात्रा 16 मई की सुबह करीब 10ः30 बजे स्कूटी से ट्यूशन पढ़ने जा रही थी। घर से करीब छह किमी दूर पहुंचने पर उसके पीछे से आ रहे अनियंत्रित ट्रैक्टर ने स्कूटी में टक्कर मार दी। यहां तक कि टक्कर लगने के बाद जब छात्रा सड़क पर गिरी तब तेज रफ्तार ट्रैक्टर का पहिया उसके पेट को कुचलता हुआ निकल गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने सरकारी गाड़ी से ही छात्रा को तुरंत जीटीबी अस्पताल भिजवाया, यहां छात्रा का इलाज चल रहा है। वहीं जानकारी के मुताबिक छात्रा की हालत गंभीर बताई जा रही है। एसीपी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि विसराम की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।