गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन की स्टार रामेश्वरम सोसायटी में स्थित फ्लैट मालिक ने स्टार
रियलकॉर्न एमडी के साझीदार दो भाइयों के खिलाफ धोखाधड़ी का आरोप लगाकर केस दर्ज कराया है। पीड़िता का आरोप है कि आरोपियों ने पहले से बिक्री हुआ फ्लैट उन्हें दोबारा से बेच दिया, जबकि पहले खरीदार ने इस फ्लैट पर लाखों रुपये का ऋण भी ले रखा है।
एसीपी नंदग्राम उपासना पांडेय ने बताया कि पीड़िता अस्मिता त्रिपाठी के मुताबिक वर्ष 2019 में उन्होंने स्टार रामेश्वरम में एक फ्लैट गोल्डी गुप्ता व उसके भाई नितिन गुप्ता से खरीदा था। इस पर लोन लेकर उन्होंने 40.50 लाख रुपये का पूरा भुगतान भी कर दिया। इसकी रजिस्ट्री भी उन्होंने कराई, तभी से वह परिवार के साथ फ्लैट में रह रही हैं। आरोप है कि बिल्डर ने धोखाधड़ी कर उन्हें यह फ्लैट बेचकर रकम ऐंठ ली। कुछ समय बाद उन्हें पता चला कि यह फ्लैट पहले से विक्रय हो चुका है और अन्य व्यक्ति द्वारा इस पर लोन भी लिया हुआ है। पीड़िता ने गोल्डी गुप्ता और उसके भाई नितिन गुप्ता के खिलाफ नंदग्राम थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। एसीपी नंदग्राम ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है, मामले की जांच की जा रही है।