इंदिरापुरम। इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के वसुंधरा चौकी इलाके में एलिवेटेड रोड पर रविवार तड़के पांच बजे तेज रफ्तार कार ने आगे चल रही वैगनआर कार में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि वैगनआर सड़क पर टेढ़ी हो गई। इसके बाद पीछे से आ रही तीन अन्य कारें एक के बाद एक उससे भिड़ती चली गईं। इससे पांचों कारें क्षतिग्रस्त हो गईं और तीन लोग मामूली रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। वहीं, हादसे के बाद सुबह करीब एक घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही, जिससे वाहनों की कतार लग गईं।
हादसे के बाद एलिवेटेड रोड पर अफरातफरी मच गई। बताया जा रहा है कि दुर्घटना में तीन लोग घायल हुए हैं। एलिवेटेड रोड से गुजर रहे लोगों ने घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर इंदिरापुरम थाने पर खड़ा कराया। पुलिस एलिवेटेड रोड पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर हादसे की वजह और तेज रफ्तार कार के चालक की भूमिका की जांच कर रही है। एसीपी इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य ने बताया कि मामले में पुलिस को अभी कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
क्रेन बुलाकर हटवाई कारें, खुला जाम
राहगीरों की सूचना पर पुलिस जब एलिवेटेड रोड पर पहुंची तो वहां से दो कारें जा चुकी थी। जबकि तीन क्षतिग्रस्त कारों को पुलिस ने क्रेन की सहायता से हटवाया। इसके बाद पुलिस ने जाम को खुलवाया गया और वाहनों को निकाला गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पीछे से आई कार की रफ्तार बहुत तेज थी, जिसके कारण ये हादसा हुआ। हालांकि गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। ब्यूरो