गाजियाबाद। राष्ट्रीय एकता सप्ताह के उपलक्ष्य में बुधवार को रैपिड रेल के गाजियाबाद स्टेशन पर उत्तर प्रदेश विशेष सुरक्षा बल (यूपीएसएसएस) की 05वीं वाहिनी की ओर से अत्याधुनिक हथियारों और तकनीकी उपकरणों की प्रदर्शनी लगाई गई। सफर के दौरान आधुनिक असॉल्ट राइफलें, सर्विलांस गैजेट्स और बम निरोधक दस्ते के साजो-सामान देखकर यात्रियों में खासा कौतूहल रहा।
सेनानायक डॉ. एमपी सिंह के निर्देशन में आयोजित इस प्रदर्शनी में बम निरोधक दस्ते और एंटी-सबोटेज चेक टीम ने हिस्सा लिया। जवानों ने यात्रियों को बताया कि किसी भी संदिग्ध वस्तु या आपात स्थिति से निपटने के लिए बल किन तकनीकों का इस्तेमाल करता है। आधुनिक सुरक्षा उपकरणों और हथियारों की कार्यप्रणाली को आम जनता के सामने प्रदर्शित किया गया, जिसका मकसद सुरक्षा बलों की क्षमता से लोगों को रूबरू कराना और सुरक्षा के प्रति जागरूक करना था। प्रदर्शनी के दौरान स्टेशन पर मौजूद यात्रियों, खासकर युवाओं और बच्चों में गजब का उत्साह नजर आया। आधुनिक गियर में मुस्तैद यूपीएसएसएस के कमांडो के साथ सेल्फी लेने और फोटो खिंचवाने की होड़ मची रही। यात्रियों ने जवानों से हथियारों की रेंज और तकनीकी खूबियों के बारे में सवाल भी पूछे। इस मौके पर सहायक सेनानायक राजीव यादव, प्रथम खंड के प्रभारी निरीक्षक, सहायक प्रभारी उपनिरीक्षक सहित बल के कई अधिकारी व जवान मौजूद रहे।