आपको दिवाली पर घर जाने के लिए ट्रेन में कंफर्म रिजर्वेशन नहीं मिला है तो रेलवे ने एक और मौका दिया है। रेलवे ने हजरत निजामुद्दीन से लखनऊ स्टेशन तक सुविधा स्पेशल ट्रेन का संचालन शुरू किया है। यह ट्रेन निजामुद्दीन से 3 अक्तूबर से 14 नवंबर तक चलेगी। इस सुविधा स्पेशल ट्रेन में अभी सीटें खाली हैं।
इस ट्रेन का स्टॉपेज गाजियाबाद स्टेशन पर भी दिया गया है। ऐसे में गाजियाबाद के साथ-साथ नोएडा और साहिबाबाद के यात्री भी इस ट्रेन का लाभ ले सकेंगे। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक हजरत निजामुद्दीन-लखनऊ वीकली सुविधा स्पेशल हर सोमवार रात 11:15 बजे रवाना होगी।
गाजियाबाद स्टेशन पर यह ट्रेन रात 12:25 बजे आएगी और दो मिनट के स्टॉपेज के बाद लखनऊ के लिए रवाना हो जाएगी। गाजियाबाद और लखनऊ के बीच यह ट्रेन सिर्फ मुरादाबाद स्टेशन पर रुकेगी।
नार्दन रेलवे के सीपीआरओ नीरज शर्मा के मुताबिक लखनऊ से यह ट्रेन हर सप्ताह मंगलवार को शाम 7:35 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 3:20 बजे गाजियाबाद और 4:30 बजे हजरत निजामुद्दीन स्टेशन पहुंचेगी। इस ट्रेन में एक एसी फर्स्ट, पांच एसी टू-टीयर, नौ एसी थ्री टीयर और दो सेकेंड/लगेज वैन कोच लगाए गए हैं।
यानी दिवाली पर गाजियाबाद से मुरादाबाद और लखनऊ जाने वाले यात्रियों को परेशानियां नहीं झेलनी होंगी। उन्हें अब भी कंफर्म रिजर्वेशन मिल सकता है।