साहब! ऑटो चालक महिला सवारियों से अभद्रता करते हैं। मनमाना किराया वसूलते हैं। ऑटो में नियमों को ताक पर रख ज्यादा सवारियां बैठाते हैं। ऐसे ऑटो चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। यह शिकायतें यूपी पुलिस हेड क्वार्टर और एसपी सिटी के ट्विटर अकाउंट पर की गई हैं।
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि वैशाली और राजनगर एक्सटेंशन में ऑटो चालक मनमानी करते हैं। कई बार तो वह महिलाओं को जबरदस्ती ऑटो में बैठाने की कोशिश करते हैं। शिकायतकर्ता एक इंजीनियर युवती ने ट्वीट किया है कि वैशाली मेट्रो स्टेशन के बाहर ऑटो चालक लोगों के लिए परेशानी का कारण बनते जा रहे हैं।
एसपी सिटी सलमान ताज रीट्वीट कर जल्द ही ऑटो चालकों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया। एसपी सिटी ने बताया कि उनके ट्विटर अकाउंट पर अब तक करीब 20 ट्वीट किए हैं। इनमें से अधिकांश का निस्तारण करा दिया गया। ट्विटर पर पुलिस कार्रवाई या एफआईआर न करने की शिकायतें भी आ रही हैं।