गाजियाबाद। गणेशपुरी भाटी चौक स्थित सोया चाप निर्माण इकाई घनश्याम चाप पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने छापेमारी कर गंदगी के बीच तैयार की जा रही 200 किलोग्राम सोया चाप को नष्ट करा दिया। विभाग ने फैक्ट्री के पंजीकरण को निलंबित करने की संस्तुति की है। साथ ही प्रतिष्ठान में सुधार होने तक खाद्य निर्माण का काम बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।
सहायक आयुक्त खाद्य सुरेश कुमार मिश्र ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर मंगलवार को विशेष अभियान चलाया गया। इसी क्रम में टीम ने सोया चाप निर्माण परिसर का निरीक्षण किया। मौके पर फैक्ट्री संचालक मौजूद नहीं मिले। जांच के दौरान खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन नहीं होता पाया गया और परिसर में अत्यधिक गंदगी मिली।
उन्होंने बताया कि अस्वच्छ माहौल में सोया चाप तैयार किया जा रहा था। टीम ने मौके से रंगीन सोया चाप और सफेद सोया चाप के साथ मैदा का भी नमूना लिया। इसके अलावा करीब 20 हजार रुपये कीमत की 200 किलोग्राम सोया चाप को मौके पर ही नष्ट करा दिया गया।
सहायक आयुक्त ने बताया कि जब तक प्रतिष्ठान में आवश्यक सुधार नहीं किए जाते, तब तक पंजीकरण निलंबित रखने की संस्तुति की गई है। फिलहाल फैक्ट्री में खाद्य निर्माण कार्य बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन कराने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।