अहोई अष्टमी का व्रत करते ध्रुव राणा। संवाद
वसुंधरा। मां और बच्चों के बीच प्रेम का रिश्ता अनमोल होता है। आमतौर पर अहोई अष्टमी पर माताएं अपनी संतान की लंबी उम्र, खुशहाली और उज्ज्वल भविष्य के लिए निर्जला व्रत रखती हैं, लेकिन वसुंधरा में इस बार एक अनूठी पहल देखने को मिली। यहां दो बेटों ने अपनी मां की लंबी आयु और बेहतर स्वास्थ्य की कामना करते हुए अहोई अष्टमी का व्रत रखा। बेटों की इस पहल ने पारंपरिक त्योहार को एक नया भावनात्मक संदेश दिया।
वसुंधरा निवासी 17 वर्षीय ध्रुव शर्मा और 20 वर्षीय निर्मल राणा शर्मा ने पूरे दिन उपवास रखकर मां के प्रति अपने प्रेम और सम्मान का इजहार किया। दोनों का कहना है कि बचपन से मां उनकी सेहत, पढ़ाई और भविष्य के लिए न जाने कितनी बार व्रत और प्रार्थनाएं करती आई हैं। ऐसे में मां के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने और उनके अच्छे स्वास्थ्य की कामना करने के लिए उन्होंने यह निर्णय लिया।
ध्रुव शर्मा का कहना है कि मां हमेशा बच्चों की सलामती के लिए हर संभव प्रयास करती हैं। जब मां अपने बच्चों की लंबी उम्र के लिए व्रत रख सकती हैं तो बच्चे भी मां के लिए ऐसा कर सकते हैं। उनके अनुसार, मां की खुशी और स्वस्थ जीवन से बढ़कर उनके लिए कुछ नहीं है।
वहीं, निर्मल राणा शर्मा का कहना है कि मां अपने बच्चों की छोटी-बड़ी परेशानियों को लेकर हमेशा चिंतित रहती हैं। बच्चे कई बार उन्हें परेशान भी करते हैं, लेकिन मां का प्यार कभी कम नहीं होता। इसी स्नेह और समर्पण के प्रति आभार जताने के लिए उन्होंने व्रत रखकर मां की लंबी उम्र और तरक्की की कामना की।
दोनों बेटों की इस भावुक पहल से परिवार के सदस्यों में भी खुशी देखने को मिली। उनकी यह पहल समाज को संदेश देती है कि मां के प्रति प्रेम और सम्मान जताने के लिए किसी विशेष दिन की जरूरत नहीं, बल्कि उनके त्याग और समर्पण को समझना ही सबसे बड़ा उपहार है।