नवीन कुंज कालोनी में पिता के डांटने पर क्षुब्ध होकर बेटे ने बृहस्पतिवार को आंगन में लगे जाल से फंदा लगाकर जान दे दी। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज मामले की जांच कर रही है।
नवीन कुंज कालोनी निवासी गूंगा पत्नी और दो बेटों के साथ रहते हैं। परिजनों के मुताबिक, कलुवा (18) गलत संगत में पड़ गया था और नशे का आदी हो गया था। बुधवार रात को पिता ने उसे किसी बात पर डांट दिया, जिस पर वह नाराज हो गया था। बृहस्पतिवार की सुबह उसने आंगन में लगे जाल से फंदा लगा लिया।
छोटे भाई शिवम ने कलुआ को फंदे पर लटका देखकर शोर मचाया, शोर सुनकर आस पास के लोग भी आ गए। पुलिस ने कलुवा को फंदे से उतारा तो उसकी सांस चल रही थी। उसे फौरन दिल्ली के जीटीबी अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
लोनी कोतवाली प्रभारी एपी सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों के बयान लेकर शव उनके सुपुर्द किया जाएगा।