लोनी। आशियाना सिटी कॉलोनी में पिता की डांट और पिटाई से नाराज बेटे शाहवेज उर्फ उमर (19) शुक्रवार आधी रात को सोते हुए पिता इरफान (58) पर धारदार हथियार से सिर, चेहरे और गले पर ताबड़तोड़ पांच बार वार कर लहूलुहान कर दिया। घायल अवस्था में इरफान को आनन-फानन अस्पताल लेकर गए और वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक की बेटी चांदनी की शिकायत पर उसके भाई शाहवेज के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
मूलरूप से शामली जिले के कांधला थानाक्षेत्र के गांव गंगेरू निवासी इरफान तीन साल से परिवार के साथ लोनी की आशियाना सिटी कॉलोनी में रह रहे थे। वह फेरी लगाकर कपड़े बेचते थे। परिवार में पत्नी नवाब बेगम, छह बेटियां और इकलौता बेटा है वह निजी स्कूल में कक्षा 11 का छात्र है। परिवार के मुताबिक चार बेटियों की शादी हो चुकी है, जबकि दो बेटी और बेटा अविवाहित है। मृतक की पत्नी नवाब बेगम ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे युवक का अपनी बहनों से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इस पर इरफान ने बेटे को डांटा और उसकी पिटाई भी कर दी। नाराज शाहवेज उसी समय घर से चला गया और रात करीब एक बजे वह लौटा। खाना खाने के बाद वह भूतल पर बने कमरे में बहन शाजिया और मुस्कान के पास बैठ गया। वहीं, इरफान बेटी चांदनी और पत्नी नवाब बेगम के साथ पहली मंजिल पर बने कमरे में सो रहे थे। रात करीब दो बजे शाहवेज ऊपर वाले कमरे में पहुंचा और लाइट जलाई। कमरे की लाइट चालू होने पर उसकी मां नवाब बेगम की नींद टूट गई। उन्होंने बेटे को नीचे जाकर सोने के लिए कहा और उसी दौरान वह शौचालय चली गईं। आरोप है कि शाहवेज उसी दौरान मौका पाकर चारपाई पर सो रहे पिता पर दाव से हमला कर दिया। उसने पिता इरफान के सिर पर दो, चेहरे पर दो और गले पर एक वार किया। हमले के दौरान पास की चारपाई पर सो रही चांदनी की आंख खुल गई और उसने पिता को खून से लथपथ देखा तो चीख निकल गई। बेटी की चीख सुनकर मां भी कमरे में आई तो मंजर देखकर उनके हाथ-पाव फूल गए। उन्होंने पुलिस को सूचना दी और गंभीर रूप से घायल इरफान को आनन-फानन संयुक्त अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
एसीपी लोनी रामकिशन ने बताया कि मृतक की बेटी चांदनी की शिकायत पर आरोपी भाई शाहवेज के खिलाफ हत्या का केस दर्ज करके गिरफ्तार कर लिया गया है। परिजन शुरुआत में आरोपी को नाबालिग बताते हुए केस दर्ज कराने से इन्कार कर रहे थे। हालांकि शैक्षिक दस्तावेज से उसकी उम्र की पुष्टि हो गई है। उसी के बाद गिरफ्तारी की गई है।
-