साहिबाबाद। गंगनहर की साफ-सफाई व अन्य मरम्मत कार्य के लिए 20 अक्तूबर की रात हरिद्वार से पानी छोड़ दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि रविवार की देर शाम तक गंगनहर का पानी गाजियाबाद पहुंच जाएगा। सिंचाई विभाग के अधिकारियों के अनुसार रविवार को गंगनहर में पानी अपने लेवल पर आ जाएगा। इसके बाद सोमवार से गंगाजल की आपूर्ति सुचारू हो जाएगी। गंगाजल सुचारू होने पर इंदिरापुरम, वैशाली, वसुंधरा, डेल्टा कालोनी, बृज विहार, सिद्धार्थ विहार और नोएडा के लोगों को राहत मिलेगी। हर बार की तरह दशहरा की रात गंगनहर बंद कर दिया गया था। गंगनहर बंद होने के कारण सिद्धार्थ विहार स्थित 240 एमएलडी और 120 एमएलडी क्षमता के दोनों गंगाजल प्लांट बंद कर दिए गए थे। इस दौरान नगर निगम और जीडीए की ओर से लोगों को एक समय पानी उपलब्ध कराया जा रहा था। अब नहर में पानी आने के बाद प्लांटों को दोबारा शुरू कर आपूर्ति सामान्य की जाएगी।