गाजियाबाद। फिल्मों में काम दिलाने और बड़े बजट की फिल्मों में हीरोइन बनाने का झांसा देकर एक युवती से करीब 90 लाख रुपये की ठगी कर ली। आरोपी ने खुद को फिल्म इंडस्ट्री में असिस्टेंट डायरेक्टर बताकर युवती को विश्वास में लिया। उसे रणबीर कपूर के साथ फिल्म में काम दिलाने से लेकर कई बड़े बजट की फिल्मों में हीरोइन बनाने का सपना दिखाया। इसके बाद स्क्रीनिंग, रजिस्ट्रेशन, सिक्योरिटी और टैक्स समेत अलग-अलग बहाने बनाकर युवती और उसके परिवार से रकम ऐंठता रहा। पीड़िता की शिकायत पर क्रॉसिंग रिपब्लिक थाने में आरोपी अमोल कोचे के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4) और आईटी एक्ट की धारा 66डी में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल ने बताया कि क्रॉसिंग रिपब्लिक स्थित लाबोनी अपार्टमेंट निवासी अंजली कुमारी (33) के मुताबिक, दिसंबर 2024 में उनकी मां के फेसबुक अकाउंट पर अमोल कोचे नाम के व्यक्ति ने संपर्क किया था। आरोपी ने खुद को फिल्म इंडस्ट्री में असिस्टेंट डायरेक्टर बताया और फिल्मों में काम दिलाने का प्रस्ताव दिया। बाद में उसने अंजली से संपर्क कर रणबीर कपूर के साथ फिल्म, जॉली एलएलबी-3, मुठभेड़, आशिकी-3 और द बुल जैसी फिल्मों में काम दिलाने का भरोसा दिया। उसने मुंबई में शूटिंग, प्रोफाइल फोटो और रजिस्ट्रेशन के नाम पर पहले तीन हजार रुपये मांगे। आरोपी ने व्हाट्सएप पर संपर्क कर धीरे-धीरे रकम की मांग बढ़ानी शुरू कर दी।
पीड़िता के अनुसार आरोपी ने हीरोइन के लीड रोल के लिए चयन होने की बात कहकर सिक्योरिटी और टैक्स के नाम पर डेढ़ लाख रुपये मांगे। उसने दावा किया कि फिल्म पूरी होने पर यह रकम वापस कर दी जाएगी। अपनी बातों पर भरोसा दिलाने के लिए उसने वीडियो कॉल और एग्रीमेंट दिखाने का भी सहारा लिया। इसके बाद अलग-अलग किस्तों में पांच हजार रुपये से लेकर बड़ी रकम तक वसूलता रहा।
अंजली का आरोप है कि आरोपी ने उन्हें और उनके परिजनों को विश्वास में लेकर बैंक खातों में रकम जमा कराई। जनवरी 2026 तक फोन-पे, गूगल-पे और अन्य माध्यमों से पैसे मंगवाता रहा। इसके बाद बैंक खातों में हस्ताक्षरयुक्त अंग्रेजी नाम से रकम ट्रांसफर कराई। पीड़िता के मुताबिक, आरोपी ने उनके परिवार के लोगों और परिचितों से भी पैसे उधार दिलवाए। करीब 90 लाख रुपये गंवाने के बाद भी फिल्म में काम नहीं मिला। आरोपी ने मार्च 2026 में संपर्क करना बंद कर दिया। अब उसका फोन भी रिसीव नहीं हो रहा है। पीड़िता ने पुलिस से रकम वापस दिलाने और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस के सामने खातों की जांच की चुनौती
एफआईआर के मुताबिक, पीड़िता ने अपनी शिकायत में कई बैंक खातों और मोबाइल फोन नंबरों का विवरण भी दिया है, जिनके जरिये रकम का लेनदेन हुआ। आरोपी के अलावा उसके संपर्क में रहने वाले कुछ अन्य लोगों का भी जिक्र किया गया है। पुलिस के सामने अब करीब 90 लाख रुपये के लेनदेन की पड़ताल करने, रकम किन खातों में पहुंची और आगे कहां ट्रांसफर हुई, इसका पता लगाने की चुनौती है। मामले की जांच क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना पुलिस कर रही है।