गाजियाबाद। दोस्ती की आड़ में एक बैंक्वेट हॉल मैनेजर और उसके साथियों ने एक युवक से 51 लाख रुपये की ठगी की है। आरोपियों ने पीड़ित को ग्रेटर नोएडा स्थित एक रिसॉर्ट और बैंक्वेट हॉल में पार्टनर बनाने का झांसा दिया था। रकम हड़पने के बाद पैसे मांगने पर पीड़ित से मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी भी दी गई।
विजयनगर के राहुल कर्दम की दोस्ती जालौन जिले के पारस मुदगल से थी। पारस ग्रेटर नोएडा के करौली रिसॉर्ट एंड बैंक्वेट हॉल में मैनेजर था। आरोप है कि पारस ने राहुल की मुलाकात गौतमबुद्धनगर के बादल यादव और उसके पिता जगदीश यादव से कराई। तीनों ने राहुल को बैंक्वेट हॉल में हिस्सेदार बनाने का प्रस्ताव दिया। इसके बदले उन्होंने 51 लाख रुपये की मांग की। राहुल ने 35 लाख रुपये यूपीआई से और 16 लाख रुपये नकद दे दिए।
राहुल के अनुसार, पूरी रकम लेने के बाद भी आरोपियों ने उन्हें पार्टनर नहीं बनाया और पैसे भी नहीं लौटाए। आरोप है कि जब राहुल ने अपने रुपये वापस मांगे, तो आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की। उन्होंने पैसे लौटाने से इन्कार कर दिया और पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। एसीपी नगर कोतवाली उपासना पांडेय ने बताया कि पुलिस आयुक्त के आदेश पर पारस मुदगल, बादल यादव और जगदीश यादव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच कर आरोपियों पर कार्रवाई की जाएगी।