कौशांबी। खोड़ा निवासी ब्रह्मदेव उपाध्याय ने वैशाली सेक्टर तीन निवासी व्यक्ति के खिलाफ कौशांबी थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि तेज रफ्तार कार चलाते हुए आरोपी ने रचना सोसायटी में गार्ड की नौकरी करने वाले उनके पिता को टक्कर मारी थी। उनकी इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने सोसायटी में छानबीन शुरू कर दी है।
ब्रह्मदेव ने पुलिस को बताया कि उनके पिता नरेंद्र प्रसाद वैशाली सेक्टर तीन स्थित रचना सोसायटी में गार्ड की नौकरी करते थे। नौ दिसंबर की सुबह उनके पिता ड्यूटी पर थे। करीब 9ः15 बजे कार चालक ने गाड़ी से उनके पिता को टक्कर मार दी। इसके बाद भाग गया। स्थानीय लोगों ने पुलिस और परिजनों को सूचना दी। परिजन घायल सुरक्षा गार्ड को दिल्ली के सफदरगंज अस्पताल ले गए। यहां इलाज शुरू हुआ लेकिन 20 दिसंबर को घायल गार्ड की इलाज के दौरान मौत हो गई।
एसीपी स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि सोसायटी के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ भी की गई है। कार चालक का नंबर ट्रेस कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।