गाजियाबाद। मुरादनगर के डिडौली स्थित कांवड़ शिविर में रात में सोते समय दो कांवड़ियों को सांप ने काट लिया। हादसे के बाद शिविर में अफरा-तफरी मच गई। दोनों को गंभीर हालत में जिला एमएमजी अस्पताल लाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। हायर सेंटर पहुंचने से पहले ही एक कांवड़िये की मौत हो गई, जबकि दूसरे की हालत गंभीर बनी हुई है।
साथी जय सिंह ने बताया कि राजस्थान के अलवर निवासी 45 वर्षीय संदीप और 65 वर्षीय लाल चंद कांवड़ लेने गए थे। वापसी के दौरान दोनों अन्य साथियों के साथ मुरादनगर के डिडौली स्थित कांवड़ शिविर में रुके थे। रात करीब 1:30 बजे दोनों सो रहे थे। इसी दौरान सांप ने दोनों को काट लिया।
सांप के काटने की जानकारी मिलते ही शिविर में मौजूद कांवड़ियों में अफरा-तफरी मच गई। साथी तत्काल दोनों को लेकर जिला एमएमजी अस्पताल पहुंचे। डॉक्टर मुकेश कुमार ने बताया कि दोनों की हालत गंभीर थी। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर के लिए रेफर किया गया।
बताया गया कि हायर सेंटर पहुंचने से पहले ही संदीप की मौत हो गई। वहीं, लाल चंद की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका उपचार जारी है।