स्मार्ट सिटी के लिए नगर निगम और कंसलटेंट फर्म ने एरिया चिह्नित कर फ्रीज कर दिया है। 1609 एकड़ के क्षेत्र में वसुंधरा, वैशाली और साइट-4 इंडस्ट्रियल के आंशिक भाग को शामिल किया गया है। एरिया फ्रीज होने के बाद बनारस का स्मार्ट सिटी प्रपोजल बनाने वाले एक्सपर्ट प्रवीन भारद्वाज सोमवार को गाजियाबाद पहुंचे।
उन्होंने नगर निगम अफसरों के साथ बैठक कर स्मार्ट सिटी के लिए योजनाओं का खाका खींचा। अब 27 फरवरी को शासन के उच्चाधिकारियों ने निगम अफसरों और कंसलटेंट फर्म के विशेषज्ञों को लखनऊ बुलाया है।
स्मार्ट सिटी मिशन के सहायक नोडल प्रभारी संजय सिंह चौहान के कार्यालय में सोमवार शाम हुई मीटिंग में कंसलटेंट फर्म के विशेषज्ञों ने बताया कि प्रपोजल में प्रत्येक प्वाइंट को लेकर खास प्लान बनाया जाएगा।
गाजियाबाद में आंतरिक ट्रांसपोर्ट की समस्या को दूर करने के लिए ईको फ्रेंडली ट्रांसपोर्ट सिस्टम तैयार किया जाएगा। परिवहन विभाग से मिलकर कास्ट कनवर्जन भी कराया जाएगा। शहर की सबसे बड़ी जाम की समस्या को दूर करने के लिए इंटेलीजेंट ट्रैफिक सिस्टम डेवलप किया जाएगा।
इसी तरह सीवर, वाटर सप्लाई के नेटवर्क को केंद्र सरकार के मानकों के अनुरूप किया जाएगा। संजय सिंह चौहान ने बताया कि 27 फरवरी को लखनऊ में रीजनल सेंटर फॉर अरबन एन्वायरमेंट स्टडीज (आरसीयूईएस) के अपर निदेशक ने बैठक बुलाई है। बैठक में प्रपोजल पर मंथन होगा।
..
प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर स्कूल के छात्र भी करेंगे सहयोग
स्मार्ट सिटी प्रपोजल को तैयार करने में स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर के दो स्टूडेंट भी मदद करेंगे। गाजियाबाद में रहने वाले इन स्टूडेंट्स ने नगर निगम के अधिकारियों से संपर्क कर रुचि जाहिर की है। निगम अधिकारियों ने उन्हें साथ आने की अनुमति दे दी है।