फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ghaziabad News: मोदी के रोड शो में गूंजा अब की बार चार सौ पार का नारा

विज्ञापन
विज्ञापन
गाजियाबाद। गाजियाबाद लोकसभा सीट पर भाजपा का रंग जमाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार की शाम आंबेडकर रोड पर मालीवाड़ा चौक से चौधरी मोड़ तक लगभग 1.40 किलोमीटर लंबा रोड शो किया। भगवा रंग में रंगी और गुलाब के फूलों से सजी जीप पर उनके साथ सीएम योगी आदित्यनाथ भी रहे। राम मंदिर के माडॅल से सजे और भगवा रंग में रंगे रूट पर 50 मिनट के रोड शो के दौरान अबकी बार चार सौ पार का नारा गूंजता रहा। पीएम ने कभी हाथ हिलाकर तो कभी सिर झुकाकर लोगों का अभिभावदन स्वीकार किया। इस चुनाव में उत्तर प्रदेश में पीएम का यह पहला रोड शो था।
विज्ञापन

पीएम ने सुबह सहारनपुर में रैली की थी। इसके बाद दिल्ली चले गए थे। रोड शो के लिए दिल्ली से आए। सफारी सूट और जैकेट पहने मोदी पांच बजकर 40 मिनट पर रोड शो के लिए भव्य रूप से सजाई गई जीप पर सवार हो गए। उनके एक तरफ सीएम योगी थे और दूसरी ओर उम्मीदवार अतुल गर्ग। योगी के बराबर में सांसद वीके सिंह थे और जीप के पीछे की तरफ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी।
पीएम और वीके सिंह ने भगवा रंग की टोपी पहन रखी थी। सभी नेताओं के हाथ में भाजपा के चुनाव चिन्ह वाले सफेद रंग के कमल का फूल का माॅडल ले रखा था। रोड शो के दौरान पीएम मोदी इसी कमल के फूल को लोगों की तरफ दिखाते रहे। रोड शो के दौरान लोग सीएम और पीएम पर गुलाब की पंखुड़ियों की बारिश करते रहे।
विज्ञापन

जगह जगह राम और सीता की झांकियां भी सजाई गई थीं। एक जगह तस्वीर में मोदी को मां हीरा बेन का आशीर्वाद लेते हुए दिखाया गया। रोड शो में शामिल लोगों में उत्साह नजर आ रहा था। 36 डिग्री सेल्सियस की गर्मी में भी लोग रोड शो शुरू होने के दो घंटे पहले ही पहुंच गए थे। रोड शो में कई नारे लगे लेकिन सबसे ज्यादा अबकी बार चार सौ पार ही सुनाई दिया। साढ़े छह बजे पीएम मोदी दिल्ली के लिए रवाना हो गए।


मैं हूं मोदी का परिवार भी गूंजा
रोड शो के दौरान अबकी बार चार सौ के पार के अलावा भी कई नारे गूंजे। जगह जगह भाजपाइयों ने मंच बना रखे थे। इन मंचों से ही जोर शोर से नारे लगाए जा रहे थे। कई जगह महिलाओं और बच्चों ने भी नारे लगाए। एक दो जगह मंत्रों की गूंज भी सुनाई दी। रोड शो के दौरान लगे प्रमुख नारों में मोदीजी को जय श्रीराम... जय श्री राम... जय श्री राम, योगी मोदी जिंदाबाद, हर हर मोदी-घर घर मोदी और मैं हूं मोदी का परिवार रहे।



मुस्लिम बोले, मोदी हमारा भाई है
रोड शो में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के नेता मुस्लिम समाज के लोगों के साथ पहुंचे। इन लोगों ने पीएम मोदी के आने से पहले ही खूब नारे लगाए। इनमें सबसे प्रमुख नारा रहा, न दूरी है न खाई है मोदी हमारा भाई है। यह नारा भाजपा ने ही दिया है। इसे लेकर भाजपाई मुस्लिम बहुल इलाकों में जा रहे हैं। इसके पीछे भाजपा का मकसद मुस्लिमों के बीच अपनी पैठ मजबूत करने का है।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें