रेलवे में पटरियों का चटकना और सिग्नल फेल होना जारी है। सोमवार को रोजा यार्ड में रेल फ्रैक्चर और गजरौला यार्ड में सिग्नल सिस्टम फेल हो गया। इसके चलते अकाल तख्त और सुहेल देव एक्सप्रेस सहित छह ट्रेनें प्रभावित रहीं। ट्रैक की मरम्मत और सिग्नल सही होने के बाद ट्रेनों का संचालन शुरू हो सका।
मुरादाबाद-लखनऊ रूट पर सोमवार सुबह 6.20 बजे रोजा यार्ड में पटरी चटक गई। ट्रैक मैन ने इसकी सूचना कंट्रोल रूम को दी। मौके पर पहुंची टीम ने तीस मिनट में ट्रैक दुरुस्त कर दिया। इसके चलते अकाल तख्त एक्सप्रेस, सुहेल देव एक्सप्रेस, शहीद एक्सप्रेस प्रभावित रही। वहीं दोपहर में गजरौला यार्ड में सिग्नल सिस्टम खराब हो गया।
प्वाइंट सेट काम करना बंद कर दिया। इसका असर ट्रेनों का संचालन पर पड़ा। काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस, श्रमजीवी एक्सप्रेस, मुरादाबाद पैसेंजर प्रभावित हुईं। ऑपरेशनल कारणों से लंबी दूरी की दर्जनों ट्रेनें लेट चल रही हैं। रेलवे विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक आनंद विहार से भागलपुर जाने वाली गरीब रथ को कैंसल कर दिया गया है।