मोदीनगर। दयापुरी कॉलोनी निवासी एक परिवार ने छह माह की बच्ची की दिल की बीमारी ठीक होने पर भगवान शंकर से की गई मन्नत पूरी करते हुए हरिद्वार से कांवड़ यात्रा की। रविवार को जब परिवार गंगाजल लेकर मोदीनगर पहुंचा तो स्थानीय लोगों ने उनका भव्य स्वागत किया।
दयापुरी कॉलोनी निवासी श्रीकांत शर्मा अपनी पत्नी आरती, पुत्री आकांक्षा, पुत्र कृष्णा और छह माह की पुत्री श्रेया के साथ रहते हैं। श्रीकांत ने बताया कि श्रेया के जन्म के समय उसके दिल में छेद पाया गया था। इलाज बहुत महंगा था और आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण परिवार काफी परेशान हो गया था।
इस दौरान मां आरती ने भगवान शिव से मन्नत मांगी कि यदि उनकी बेटी स्वस्थ हो जाए तो वे पूरे परिवार के साथ हरिद्वार से कांवड़ लाकर जलाभिषेक करेंगी। लगभग दो माह पहले जब डॉक्टरों ने जांच की तो बताया कि बच्ची पूरी तरह स्वस्थ है और उसके दिल का छेद अपने आप भर चुका है। यह सुनकर पूरे परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं रहा।
मनोकामना पूरी होने पर श्रीकांत और आरती ने परिवार सहित हरिद्वार जाकर गंगाजल लिया और कांवड़ यात्रा पूरी की। उपजिलाधिकारी कोमल पंवार ने भी परिवार से मिलकर उनका हाल जाना और बधाई दी। बच्ची के स्वस्थ होने की खबर सुनते ही वहां मौजूद लोगों ने ''''बम भोले'''' के जयकारों से पूरे क्षेत्र को शिवमय कर दिया।