गाजियाबाद। रॉयल फाइन इंडिया निधि लिमिटेड कंपनी खोलकर हजारों लोगों से करीब 10 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के मामले में अब एसआईटी जांच करेगी। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त दिनेश कुमार पी ने बृहस्पतिवार को एसआईटी का गठन कर दिया गया है। आठ लोगों की एसआईटी डीसीपी नगर और एसीपी कोतवाली के निर्देशन में काम करेगी।
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त दिनेश कुमार पी ने एसआईटी में दो इंस्पेक्टर, चार उप निरीक्षक और दो कांस्टेबल शामिल किए हैं। इसमें इंस्पेक्टर नरेश कुमार, इंस्पेक्टर राजवीर सिंह, उप निरीक्षक विनय सिंह, अर्जुन, हरेंद्र कुमार, मनोज शर्मा और कांस्टेबल राहुल कुमार व पुष्पेंद्र को शामिल किया गया है। मामले में कंपनी मालिक समेत सात लोगों के खिलाफ विजयनगर थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है लेकिन अभी तक एक भी आरोपी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ा। अधिकांश आरोपी साजिश के तहत विदेश भाग गए। कंपनी में प्रबंधक रहे विशाल उपाध्याय अलग-अलग शहर में ठिकाने बदल रहा है। विशाल के घर पर ताला लटका है। पुलिस विशाल और उसके पिता की तलाश में जुटी है। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त ने बताया कि मामले में गहनता से जांच के लिए एसआईटी बनाई गई है जो विशेष रूप से इसी मामले की जांच करेगी। एसीपी कोतवाली रोजाना इसकी रिपोर्ट लेकर समीक्षा करेंगी और डीसीपी नगर साप्ताहिक समीक्षा कर कार्रवाई करेंगे।