राजनगर एक्सटेंशन की वीवीआईपी सोसायटी में मतदाताओं से जानकारी लेते बीएलओ। संवाद
गाजियाबाद। विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के तहत जिले में अभी तक 63.68 फीसदी मतदाताओं के गणना प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन किया जा चुका है। बीएलओ घर-घर जाकर दुबारा सत्यापन कर रहे हैं। 12 दिसंबर से लेकर अभी तक ऐसे मतदाता, जिनके फार्म नहीं मिल पाए थे या अनुपस्थित पाए गए थे ऐसे 30 हजार से अधिक मतदाताओं के फार्म जमा हुए हैं। इस दौरान राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि और उनके बीएलए फार्म भरवाने में सहयोग कर रहे हैं।
बुधवार की सुबह तक कुल 63.68 मतदाताओं के फार्म एप पर अपलोड हो चुके हैं। उप जिला निर्वाचन अधिकारी सौरभ भट्ट ने बताया कि जो मतदाता पते पर नहीं मिले थे या जिनको ढूंढ़ा नहीं जा सका था सूची चस्पा होने के बाद और प्रशासन की वेबसाइट पर अपलोड होने के बाद अपना नाम देखकर लोग इसको अपडेट करा रहे हैं। इसमें अधिकतर के पते बदल गए हैं या अन्य स्थान पर अपना घर ले लिया था ऐसे लोग भी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि लोगों से लगातार अपील की जा रही है कि वह जल्द से जल्द अपना फार्म जमा करा दें जिससे नाम सूची में उनका दर्ज हो जाए।
26 दिसंबर तक जमा करा दें फार्म
जिनके पास गणना फार्म नहीं पहुंचा हैं वह फार्म-6 और घोषणा पत्र भरकर, जन्म एवं पते के संबंध में उल्लिखित दस्तावेजों की प्रति साथ बीएलओ को जमा करा दें। इसके अलावा 18 वर्ष से अधिक वाले मतदाता भी फार्म-6 भरकर जमा करा सकते हैं। उन्होंने बताया कि बीएलओ को पर्याप्त संख्या में फार्म उपलब्ध करा दिये गये हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि http://voter.eci.nic.in या voter portal App से ऑनलाईन फार्म भरकर आवेदन किया जा सकता है।
राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ की बैठक
विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के तहत बुधवार को जिला निर्वाचन अधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। सभी को जानकारी दी गई कि 16 दिसंबर तक 63.53 फीसदी गणना प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन किया जा चुका है। इसके अलावा 69.33 प्रतिशत मतदाताओं की मैपिंग की चुकी है। राजनैतिक दलों को एएसडी सूची दी गई और कहा गया कि वह भी अपने-अपने बीएलए से चेक करा लें जिससे यह जानकारी हो जाए कि सूची में किसी पात्र मतदाता का नाम सूची से हट गया हो या किसी अपात्र का नाम तो इसमेंं शामिल नहीं हो गया है। इन सभी की जांच 26 दिसंबर तक हो जाएगी तो मतदाता का नाम 31 दिसंबर को प्रकाशित होने वाली सूची में आ जाएगा।
ईवीएम वेयरहाउस का किया निरीक्षण
गाजियाबाद। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश के क्रम में बुधवार को जिलाधिकारी ने राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ कलक्ट्रेट स्थित ईवीएम वीवीपैट वेयरहाउस का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, सीसीटीवी व्यवस्था सहित रखरखाव का जायजा लिया। वहां निगरानी करने वाले कर्मियों को अलर्ट रहने और लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए। इस दौरान बीजेपी, कांग्रेस, सपा और बसपा सहित अन्य पार्टी प्रतिनिधि मौजूद रहे।