अमर उजाला फाउंडेशन और स्वास्थ्य विभाग द्वारा शनिवार को राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस के मौके पर दो दिवसीय ब्लड डोनेशन कैंप का आयोजन किया गया। इस कैंप का शुभारंभ शनिवार को ही हो गया था, जो रविवार तक चला।
स्वैच्छिक रक्तदान दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित दो दिवसीय रक्तदान शिविर के दूसरे दिन भी ब्लड डोनेट करने के लिए लोगों में उत्साह रहा। गांधी जयंती के मौके पर हर कोई ब्लड डोनेट करने केलिए बढ़ चढ़ कर सामने आया। हीमोग्लोबिन कम होने की वजह से कई लोग ब्लड डोनेट नहीं कर सके।
दो दिवसीय रक्तदान शिविर में कुल 51 यूनिट ब्लड एकत्रित किए गए। शिविर के पहले दिन 35 और दूसरे दिन 16 लोग रक्तदान करने पहुंचे।दूसरी ओर श्री श्याम परिवार मस्त मंडल की ओर से कविनगर एल ब्लॉक में रक्तदान और स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित हुआ।
एमएमजी ब्लड बैंक प्रभारी डा. एके दुआ ने कहा कि यह पहली बार है जब शहर में अन्य जगहों पर रक्तदान शिविर लगने के बावजूद भी लोग सरकारी अस्पताल में रक्तदान करने पहुंचे। कार्यक्रम का शुभारंभ आईआरएस डा. शिखा ने किया।
यहां भी एमएमजी अस्पताल की टीम के सहयोग से ब्लड 84 यूनिट ब्लड एकत्रित किया गया। इसके साथ ही 135 लोगों की ब्लड में शूगर की जांच फ्री की गई। इसके अलावा ऑर्थोपेडिक और फिजिशियन ने लोगों का स्वास्थ्य जांच कर लोगों को स्वास्थ्य सलाह दी।
दूसरी बार रक्तदान कर रहा हूं। इस बार विशेष अवसर होने से रक्तदान करने कर अच्छा लग रहा है। यह ऐसा दिन है जो हमेशा याद रहेगा। - श्योसिंह, शास्त्रीनगर
अमर उजाला की खबरें पढ़कर रक्तदान का संकल्प लिया है। यह दूसरी बार है जब अमर उजाला के रक्तदान शिविर में ब्लड डोनेट किया है, आगे भी करता रहूंगा। - हिमांशु, विजय नगर
दसवीं बार रक्तदान करने आया हूं। हर बार उतना ही उत्साह रहता है। बीच में यदि किसी को जरूरत पड़ती है तो भी हाजिर रहता हूं। कभी कोई कमजोरी महसूस नहीं हुई बल्कि फिटनेस बढ़ती गई है। - विवेक शर्मा, विजयनगर
जुलाई में पहली बार रक्तदान किया अब गांधी जयंती पर जब रक्तदान शिविर की खबर पढ़ी तो रक्तदान करने आया हूं। मेरी इच्छा है कि मैं अब सभी विशेष त्योहारों पर रक्तदान करुं। मायूस इसलिए हूं कि डॉक्टर ने दो महीने केअंतराल में ही ब्लड डोनेट करने से मना किया है, अब 1 नवंबर को अपने जन्मदिवस पर रक्तदान करूंगा। - विनोद सिंह, लालकुआं