महीनों से मंदी की मार झेल रहा बाजार धनतेरस पर झूम उठा। बाजार में जमकर धन वर्षा हुई। सुबह से शुरू हुई खरीदारी आधी रात तक जारी रही। ग्राहक बाजार में नजर आए तो दुकानदारों के चेहरे भी खिल उठे।
व्यापारियों के आंकलन के अनुसार इस बार गाजियाबाद में करीब 600 करोड़ का कारोबार हुआ। पिछले वर्ष के मुकाबले ऑटो सेक्टर और सेंसेक्स बाजार में अच्छी रौनक रही। ऑटो कारोबार 25 से 30 प्रतिशत बढ़ा है।
इसी प्रकार से सराफा, बर्तन, रेडीमेड गारमेंट के साथ अन्य सजावटी सामानों की भी खूब बिक्री हुई। लोगों ने निवेश के रूप में सोना-चांदी भी खूब खरीदा। बाजार में इस बार चाइनीज उत्पाद कम ही नजर आए। अधिकांश ग्राहकों ने स्वदेशी सामान की खरीददारी की।
ऑटो बाजार
धनतेरस पर ऑटो बाजार में खूब रौनक दिखी। ऑटो बाजार में 25 से 30 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी देखने को मिली। शहर के कुछ शोरूम सुबह 6 बजे ही खुल गए और देर रात तक खुले रहे।
रोहन मोटर्स के जीएम सेल्स शिवदत्त कुमार ने बताया कि धनतेरस पर ही 125 कारों की बिक्री हुई। ज्यादातर ग्राहकों ने पहले से ही अपने वाहन की बुकिंग करा रखी थी। दिवाली तक यह संख्या और बढ़ सकती है।
दिवाली रविवार को है, फिर भी शोरूम खुला रहेगा। साहिबाबाद स्थित एमआर हुंडई के वाइस प्रेसीडेंट डीकेभंडारी ने बताया कि इस बार की धनतेरस अच्छी रही है। कंपनी की करीब 70 से ज्यादा गाड़ियां बुक हुईं थीं जिनकी समय से डिलीवरी भी की गई। यदि विभिन्न कंपनियों की सेल को मिला लें तो करीब 500 से ज्यादा कारों की सेल हुई है।
टू व्हीलर भी खूब बिके हैं। शिवा बजाज शोरूम के जीएम सतीश सिंह ने बताया कि धनतेरस पर बजाज की करीब 260 बाइक की बुकिंग थी। इस बार सबसे ज्यादा एवेंजर और विक्रांत की डिमांड रही।
उम्मीद है कि दोनों शोरूम मिलाकर 500 से ज्यादा बाइक की सेल हो जाएगी। ग्लोब हीरो के जीएम मनोज रावत ने बताया कि धनतेरस और दिवाली पर करीब 800 बाइक की बुकिंग है। दोनों शोरूम से करीब 1500 बाइक व स्कूटी की सेल होने की उम्मीद है। जीएस टीवीएस शोरूम के ओनर प्रमोद गर्ग ने बताया कि इस धनतेरस पर अकेले टीवीएस कंपनी की ही 55 प्रतिशत ग्रोथ है।
सेंसेक्स
हफ्ते भर की गिरावट के बाद सेंसेक्स धनतेरस पर 25 अंकों की बढ़ोतरी के साथ बंद हुआ है। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के मेंबर आलोक गर्ग ने बताया कि शुक्रवार को सेंसेक्स 27941 और निफ्टी 8638 अंकों पर बंद हुआ। इस तरह से शेयर बाजार में गाजियाबाद से ही करीब 250 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ है।
सराफा बाजार
कुछ दिनों से सराफा बाजार की स्थिति अच्छी नहीं चल रही थी। धनतेरस पर ग्राहक बाजार में निकले। सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष नितिन गोयल ने बताया कि सोने-चांदी के भाव चढ़े हुए हैं फिर भी ग्राहकों ने अपने बजट के मुताबिक सोने-चांदी के सिक्के व ज्वैलरी खरीदी।
खासतौर से ब्रांडेड शोरूम में ज्यादा भीड़ रही। वहीं, चौपला बाजार, अंबेडकर रोड, विजय नगर, संजय नगर समेत अन्य दुकानों पर भी ग्राहकों ने देर शाम तक खरीददारी की। शुक्रवार को सोना 30700 प्रति 10 ग्राम जबकि चांदी 42500 रुपये प्रति किलो रही।
इलेक्ट्रानिक्स गुड्स और मोबाइल
ऑनलाइन कंपनियों पर लगाम लगने के बाद इलेक्ट्रॉनिक्स गुड्स मार्केट की रौनक लौट आई है। वैल्यू पल्स के ओनर करन अग्रवाल ने बताया कि इस बार इलेक्ट्रॉनिक्स गुड्स के मार्केट में 30 प्रतिशत की बढ़ोतरी है।
सबसे ज्यादा एलईडी, वाशिंग मशीन और फ्रिज की डिमांड है। कंपनियों ने भी ग्राहकों कोे लुभाने के लिए कैश ऑफर दिया है जिस वजह से उम्मीद है कि दिवाली तक मार्केट ऐसे ही गुलजार रहेगा। मोबाइल विक्रेता ललित शर्मा का भी कहना है कि ऑनलाइन में महंगे मोबाइल नहीं मिल रहे इसलिए पिछले वर्ष के मुकाबले 20 प्रतिशत सेल बढ़ी है। विक्रेता भी उत्साहित हैं।
रियल एस्टेट
होम लोन दर कम होने से इस बार रियल एस्टेट को थोड़ी ऊर्जा मिली है। वीवीआईपी ग्रुप के एमडी प्रवीन त्यागी ने बताया कि मौजूदा समय में अधिकांश बिल्डरों के पास रेडी टू मूव फ्लैट्स है।
इसका फायदा मिल रहा है। अकेले राजनगर एक्सटेंशन में ही धनतेरस पर करीब 75 से 80 फ्लैट्स बिके हैं। यदि ग्रुप की बात करें तो एक माह के अंदर जितना बिजनेस हुआ है, उतना बीते छह माह में नहीं हुआ।
बर्तन कारोबार
धनतेरस पर इस बार भी बर्तन कारोबार जमकर चमका। मार्केट में कई नई डिजाइन के बर्तन आए हैं। बर्तन व्यापारी रूपेश बंसल ने बताया कि चाइनीज बर्तन बिल्कुल भी नहीं है। विशेष रूप से कुकर के नए डिजाइन आए है। इसके अलावा साइथ इंडियन डिश के लिए स्टील के बर्तनों की भी भरमार है। इस बार विगत वर्ष के मुकाबले बर्तन कारोबार में 15 से 20 फीसदी की बढ़ोतरी रही।
रेडीमेड गारमेंट
रेडीमेड गारमेंट कारोबार में बढ़ोतरी करने के लिए लगभग हर कंपनी ने 60 से 70 प्रतिशत तक की आफर दी है। बिंदल शोरूम के ओनर आशुतोष गुप्ता ने बताया कि धनतेरस पर अच्छी सेल हुई है। कंई कपंनियां जो पहले ऑफर नहीं देती थी, उन्हाेंने भी इस बार आफर दिया है। उम्मीद है कि शहर भर में करीब 10 से 15 करोड़ का कारोबार हुआ है।
इस दिवाली लक्ष्मी पूजन के छह शुभ मुहूर्त
इस बार दिवाली पूजन के छह शुभ मुहूर्त हैं। सुबह से लेकर शाम तक के इन मुहूर्त में पूजा करना फलदायी रहेगा। रविवार को दीपावली के दिन शाम 4:30 से 6:29 तक राहु काल रहेगा, जिसमें पूजा वर्जित होगी।
पंडित दुलीदत्त कौशिक ने बताया कि इस समय को छोड़कर लगभग पूरा दिन पूजा के लिए विशेष है। घर और दुकानों पर पूजा करने के दिन और रात में अलग-अलग छह मुहूर्त हैं। इनमें दोपहर 12 बजे तक अमृत की चौघड़िया लाभ का मुहूर्त है जबकि शाम में भी अमृत का चौघड़िया मुहूर्त लग रहा है। छोटी दिवाली पर शाम का दीपदान सूर्यास्त के अगले 72 मिनट के अंतराल में करना शुभ रहेगा।
शुभ मुहूर्त
- सुबह 5:34 से 7: 54 बजे तक तुला लग्न है। इस समय में लक्ष्मी पूजन से शुभ योग मिलेगा।
- सुबह 9:18 से दोपहर 12:05 बजे तक अमृत की चौघड़िया लाभ का मुहूर्त है। व्यापारी लोग इस मुहूर्त में दुकानों की पूजा कर सकते हैं।
- सुबह 10:12 से 12:15 बजे तक धनु लग्न रहेगा, जिसके गुरु बृहस्पति हैं। धन-धान्य और संपन्नता के लिए इस मुहूर्त में भी पूजा करना शुभ रहेगा।
- दोपहर 1:28 से 2:52 बजे तक शुभ का चौघड़िया है, जो लोग सुबह के मुहूर्त में पूजा नहीं कर पाएंगे, उनके लिए यह मुहूर्त भी विशेष है।
- दोपहर 3:26 से शाम 4:30 बजे तक मीन लग्न है। इसके भी स्वामी बृहस्पति हैं। यह मुहूर्त भी पूजा के लिए उत्तम है।
- शाम 6:27 से रात 8:23 तक वृष लग्न है, जिसमें लक्ष्मी पूजन घर और दुकानों में किया जाएगा। इसी दौरान शाम 7:02 से अमृत की चौघड़िया भी लग जाएगी जो 8:50 तक रहेगी, इस समय तक लक्ष्मी पूजन किया जाना उत्तम रहेगा।