साहिबाबाद। नगर निगम की ओर से बनाई गई सड़क एक साल भी नहीं चल सकी। वार्ड-73 स्थित शालीमार गार्डन एक्सटेंशन-2 के बी-154 के सामने नई बनी सड़क सोमवार रात अचानक धंस गई। इससे लोगों ने निगम के निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल खड़े करने शुरू कर दिए हैं।
स्थानीय निवासी पवन पांडेय ने बताया कि एक साल पहले ही सड़क का निर्माण कराया गया था, लेकिन सोमवार को एक हिस्सा धंस गया। गनीमत रही कि सड़क घटना देर रात को हुई, इससे कोई वाहन उसकी चपेट में नहीं आया। सड़क धंसने की घटना के बाद क्षेत्रवासियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है। नगर निगम निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता गणेशीलाल ने बताया कि टीम को भेजकर जांच कराई गई है। सड़क धंसने का कारण भी पता किया जा रहा है। वहीं, निवासियों ने नगर निगम से धंसी सड़क की तत्काल मरम्मत कराने और निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कराने की मांग की है।