सोमवार को शिवरात्रि के मद्देनजर जीटी रोड पर कांवड़ियों की भीड़ रहेगी, लिहाजा जीटी रोड पर जाने से बचें।
दरअसल, दूधेश्वरनाथ मंदिर में जल चढ़ाने के लिए कांवड़ियों का रेला हाईवे से धीरे-धीरे जीटी रोड, जस्सीपुरा मोड़, ठाकुरद्वारा फ्लाईओवर के आसपास लग जाएगा।
इससे जीटी रोड पर चौधरी मोड़ से घंटाघर की ओर जस्सीपुरा मोड़ तक, नया बस अड्डा से जस्सीपुरा मोड़ और गोशाला तिराहे तक जाने में दिक्कत होगी। डायवर्जन की वजह से किसी भी वाहन को दूधेश्वरनाथ मंदिर की ओर आने-जाने नहीं दिया जाएगा।
इन रास्तों से आएं-जाएं
- लालकुआं से चौधरी मोड़, अंबेडकर रोड होते हुए कैलिनवर्थ चौराहा और साजन मोड़ से लोहा मंडी व विवेकानंदनगर फ्लाईओवर होते हुए नेहरूनगर फ्लाईओवर से शहर में प्रवेश करें।
- रेलवे स्टेशन रोड, किराना मंडी, रमते राम रोड, घंटाघर, बजरिया रोड, दिल्ली गेट, गंदा नाला की तरफ से आने वाले हल्केवाहन चौधरी मोड़ से जाएं।
- पुराना बस अड्डा से चौधरी मोड़ होते हुए एनएच-24 से गंतव्य को जाएं।
- मोहननगर से आने वाले वाहन वसुंधरा रेड लाइट से बुद्ध चौक वसुंधरा, कनावनी व सीआईएसएफ एनएच-24 होते हुए गंतव्य को जाएं।
शाम को खत्म हो जाएगा डायवर्जन, सरपट दौड़ेंगे वाहन
कांवड़ यात्रा के चलते किया गया डायवर्जन सोमवार शाम 8 बजे खत्म हो जाएगा। एनएच-58 वाहनों के लिए खोल दिया जाएगा।
डायवर्जन केचलते नंदग्राम, हिंडन विहार आदि कालोनियों केकरीब तीन लाख लोग पांच दिन से घरों में रहने को मजबूर हैं।
सोमवार शाम से उनकी परेशानी भी खत्म हो जाएगी। साथ ही शहर के अंदरूनी मार्गों पर किया गया डायवर्जन भी खत्म हो जाएगा। एसपी ट्रैफिक राजेश कुमार ने बताया कि हाईवे पर कांवड़ियों की संख्या कम होते ही बैरिकेडिंग हटाकर रूट खोल दिए जाएंगे।