साहिबाबाद। कावंड़ यात्रा के दौरान आम लोगों को सुबह-शाम सड़क पर जाम से जूझना पड़ रहा है। सुबह जहां कांवड़ की वजह से जगह-जगह ट्रैफिक रोका गया, जबकि शाम को बारिश के बाद हुए जल भराव से लोग सड़क पर घंटों जाम में फंसे रहे।
कांवड़ यात्रा के चलते शहर की लगभग सभी प्रमुख सड़कों पर जाम लग रहा है। शुक्रवार को छिजारसी कट और यूपी गेट पर दिल्ली जाने वाली सड़क पर भीषण जाम रहा। लगभग एक किलोमीटर तक वाहनों की कतारें लग गईं। कछुआ गति से रेंगते वाहनों चालकों को बेहाल कर दिया। यूपी गेट पर सुबह आठ बजे से 11 बजे तक वाहन जाम में फंसे रहे और उसके बाद भी दिन भर वाहन रेंगते हुए ही नजर आए। ऐसा ही नजारा छिजारसी कट के पास भी एनएच-नौ पर देखने को मिला। शाम को हुई तेज बारिश के बाद रैपिड स्टेशन के सामने लिंक रोड पर डेढ़ से दो फुट पानी भर गया, इसकी वजह से कई लोगों के वाहन तक खराब हो गए। जल भराव ने वाहनों की रफ्तार रोक ली और बारिश के कारण दोपहिया चालक फुटओवर ब्रिज के नीचे जमा हो गए, इसके चलते भीषण जाम लग गया। जाम को खुलवाने के लिए यातायात पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। सहायक पुलिस आयुक्त यातायात प्रथम सुचिता सिंह ने बताया कि लोगों को जाम से बचाने के लिए साहिबाबाद रेलवे रोड का कट भी खोला गया है और सड़क पर ट्रैफिक संभालने के लिए कर्मचारियों की ड्यूटी बढ़ाई गई है।
बाक्स
अभी झेलनी होगी परेशानी
आने वाले सोमवार तक अभी लोगों को सड़क पर परेशानी झेलनी होगी। जो कट खुले हुए हैं संभवत: वह भी जल्द ही बंद कर दिए जाएंगे, इससे वाहन चालकों की आवाजाही प्रभावित होगी। जाम और कट बंद होने की वजह से धीरे-धीरे सड़क पर ऑटो की संख्या में घट रही है जिससे लोगों की मुश्किलें भी बढ़ गई हैं।