गाजियाबाद। आरडीसी स्थित आदित्य बिल्डिंग के छठे व सातवें फ्लोर के पैनल में सोमवार करीब तीन बजे शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लग गई। धुंआ तीसरे से सातवें फ्लोर तक फैल गया। पॉश इलाके में आग की घटना से चारों तरफ अफरातफरी मच गई। घटना के समय बिल्डिंग में करीब 100 लोग मौजूद थे। सात लोगों की धुएं की वजह से दम घुटने से हालत बिगड़ गई, जिन्हें अस्पताल पहुंचाया गया।
मौके पर पहुंची दमकल की टीम ने अंदर फंसे कई लोगों को खिड़की के रास्ते सीढ़ी लगाकर बाहर निकाला और अस्पताल में भर्ती कराया। अधिकांश लोग सीढ़ी के रास्ते से बाहर निकले। दो घंटे की मशक्कत के बाद करीब पांच बजे दमकल विभाग की टीम ने आग पर काबू पाया। जिला मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल ने बताया कि बिल्डिंग की फायर एनओसी नहीं है, दो साल से मुकदमा चल रहा है। आग बुझाने के लिए पर्याप्त इंतजाम भी नहीं पाए गए।
ऊर्जा निगम को दिए जांच के निर्देश
विद्युत सुरक्षा के सहायक निदेशक सौरभ सिंह का कहना है कि दो हफ्ते पहले ऊर्जा निगम को पत्र भेजकर सेंक्शन लोड की जांच करने के दिशा निर्देश दिए गए हैं। विद्युत सुरक्षा का काम बिल्डिंग के बाहर लगे ट्रांसफार्मर और लीड की जांच करने का है। बिल्डिंग के अंदर वायरिंग और मीटर और पैनल की जांच करने का काम ऊर्जा निगम का है। इसके साथ ही बिल्डिंग के मालिक या वहां की एसोसिएशन का काम लोगों की सुरक्षा का ध्यान रखने का है।