गाजियाबाद। संजयनगर स्थित संयुक्त जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर 18 वर्षीय युवती के पेट से करीब सात किलो की रसौली निकाली। ऑपरेशन के बाद युवती की हालत में सुधार है। जरूरी जांच की रिपोर्ट सामान्य आने पर उसे शुक्रवार को अस्पताल से छुट्टी दी जा सकती है। प्रताप विहार निवासी युवती को पेट के निचले हिस्से में बाईं तरफ दर्द, भारीपन और गैस की समस्या रहती थी। पेट में लगातार दर्द और भारीपन की शिकायत को युवती और उसके परिजन सामान्य परेशानी समझते रहे, लेकिन जांच में बाईं अंडाशय में रसौली होने का पता चला।
परिजन ने कई निजी डॉक्टरों से भी उपचार कराया, लेकिन आराम नहीं मिला। इसके बाद 24 अक्तूबर को युवती को संयुक्त जिला अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल में अल्ट्रासाउंड और खून की जांच कराई गई। अल्ट्रासाउंड में बाईं अंडाशय में सिस्ट यानी तरल पदार्थ से भरी थैली होने का पता चला।
अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक और वरिष्ठ सर्जन डॉ. संजय गुप्ता ने बताया कि जांच रिपोर्ट के आधार पर एनेस्थेटिस्ट और अन्य डॉक्टरों से परामर्श के बाद ऑपरेशन का निर्णय लिया गया। सोमवार को ऑपरेशन कर करीब सात किलो की रसौली सफलतापूर्वक निकाल दी गई। ऑपरेशन करने वाली टीम में डॉ. संजय गुप्ता, एनेस्थेटिस्ट डॉ. विवेक और अन्य स्वास्थ्यकर्मी शामिल रहे। डॉक्टरों के अनुसार युवती की हालत पहले से बेहतर है। फिलहाल उसे अस्पताल में भर्ती रखकर निगरानी की जा रही है। कुछ जरूरी जांच कराई जाएंगी। रिपोर्ट सामान्य आने पर शुक्रवार को छुट्टी दी जा सकती है। इसके बाद नियमित फॉलोअप के लिए अस्पताल बुलाया जाएगा।