साहिबाबाद। मानकों का उल्लंघन करने वाली लोनी के चिरौड़ी मार्ग पर चल रही सात अवैध फैक्टरियों को सील किया गया। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम शिकायत के बाद शुक्रवार को मौके पर पहुंची और फैक्टरियों को सील करते हुए सभी का विद्युत कनेक्शन कटवाया।
जिला प्रशासन के नेतृत्व में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, नगर पालिका परिषद, विद्युत निगम और राजस्व विभाग की टीम ने निरीक्षण किया। जांच में इकाइयां बिना अनुमति के संचालित होती मिलीं और प्रदूषण मानकों का भी पालन नहीं पाया गया। पीसीबी अधिकारी अंकित सिंह ने बताया कि अवैध और प्रदूषण फैलाने वाली 150 से अधिक फैक्टरियां बंद कराई जा चुकी है और आगे भी अभियान जारी रहेगा।
देश का तीसरा प्रदूषित शहर रहा गाजियाबाद एक्यूआई हुआ 310
साहिबाबाद। शहर की हवा दिन प्रतिदिन जहरीली होती जा रही है और इससे सांस लेना भी दूभर हो रहा है। शुक्रवार को भी गाजियाबाद देश का तीसरा सबसे प्रदूषित शहर रहा। शाम चार बजे पीसीबी के समीर एप पर जारी बुलेटिन में गाजियाबाद का एक्यूआई 310 दर्ज किया गया। वहीं, देश का पहला प्रदूशित शहर नोएडा 332 और दूसरे स्थान पर सिंगरौली रहा जहां का एक्यूआई 322 दर्ज किया गया। अप्रैल माह में अब तक पांच दिन शहर की हवा बेहद खराब श्रेणी में दर्ज की गई। हर दिन गाजियाबाद देश के सबसे प्रदूषित पांच शहरों में रहा। वहीं, लोनी सर्वाधिक प्रदूषित स्टेशन रहा। शुक्रवार को लोनी स्टेशन का एक्यूआई 386 दर्ज किया गया। पीसीबी अधिकारियों का कहना है कि एक्यूआई कम करने के प्रयास किए जा रहे हैं लेकिन इसकी जिम्मेदारी सभी विभागों की है।