ग्रिड में फॉल्ट आने से महानगर की कई कालोनियां बृहस्पतिवार रात अंधेरे में डूब गईं। घंटों बिजली गुल रहने से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। नंदग्राम, शास्त्रीनगर, राजनगर, कविनगर, संजयनगर, पटेल नगर, नेहरू नगर समेत विभिन्न क्षेत्रों में शाम से गुल हुई बिजली आधी रात तक नहीं आई थी।
पटेल नगर में गुस्साए लोगों ने बिजलीघर का घेराव कर जमकर हंगामा किया। सूत्रों के मुताबिक पावर हाउस में ही उत्पादन में दिक्कतके कारण बिजली कटौती हो रही है। बृहस्पतिवार सुबह से ही शहरभर में लोगों को घंटों बिजली कटौती झेलनी पड़ी।
नंदग्राम सहित मेरठ रोड की विभिन्न कालोनियों में एक घंटा लाइट आने के बाद दो से तीन घंटे की बिजली कटौती ने लोगों के गर्मी और भारी उमस में पसीने छुड़ा दिए। वहीं, शास्त्रीनगर, राजनगर, संजयनगर, पटेल नगर में भी लोगों को बिजली कटौती ने परेशान रखा।
संजयनगर और शास्त्रीनगर में दिन में बीच-बीच में हुई कटौती के बाद रात नौ बजे से गई लाइट रात साढ़े 12 बजे तक खबर लिखने तक नहीं आई थी। बिजली की आंख मिचौली से परेशान पटेलनगर क्षेत्र के सैकड़ों लोग साढ़े रात करीब साढ़े 11 बजे पटेलनगर सेकेंड स्थित बिजलीघर पर पहुंचे और घेराव कर हंगामा शुरू कर दिया।
लोगों ने बताया कि पटेलनगर, बौंझा आदि क्षेत्र में पिछले तीन दिनों से बिजली की आंख मिचौली जारी है। कुछ देर के लिए बिजली आती है और घंटों के लिए चली जाती है। रात में तो और भी बुरा हाल है।
बिजली न आने के कारण रातभर लोग परेशान रहते हैं। सूचना पर सिहानी गेट पुलिस भी वहां पहुंच गई। पुलिसकर्मियों ने विद्युतकर्मियों से लोगों की बात कराई। जल्द बिजली आने के आश्वासन लोग वापस लौट गए।