इंदिरापुरम। थानाक्षेत्र की एक सोसायटी में एमबीए की छात्रा के साथ छेड़छाड़ के आरोप में सुरक्षा गार्ड के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। आरोप है कि सुरक्षा गार्ड घटना के दौरान नशे में था। पीड़िता ने तुरंत अपने माता-पिता को फोन कर घटना की जानकारी दी। हालांकि, परिजनों के पहुंचने से पहले ही आरोपी सुरक्षा गार्ड मौके से भाग गया।
पुलिस को दी शिकायत में युवती (22) ने बताया कि वह एमबीए की छात्रा है और 15 नवंबर की रात 9:10 बजे वह सोसायटी में लिफ्ट का इंतजार कर रही थीं। इसी दौरान सोसायटी में तैनात गार्ड ज्वाला प्रसाद वहां पहुंचा। पीड़िता का आरोप है कि गार्ड नशे में था और उनको गलत तरीके से छुआ और अश्लील हरकतें की। अचानक हुई इस घटना से वह घबरा गईं। पीड़िता के अनुसार, घटना के बाद आरोपी गार्ड वहां से पार्क की तरफ चला गया। उन्होंने तुरंत अपने परिवार को फोन कर पूरी घटना बताई। छात्रा ने शिकायत में बताया कि वह इस घटना से काफी भयभीत और सदमे में हैं। साथ ही आशंका जताई कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो आरोपी भविष्य में किसी अन्य महिला या बच्चे के साथ भी ऐसी हरकत कर सकता है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर 16 नवंबर को प्राथमिकी दर्ज की है। एसीपी इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य ने बताया कि पुलिस ने मामले की जांच कर रही है। आरोपी गार्ड की तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।