साहिबाबाद। फ्लैट का ताला तोड़कर आभूषण चोरी करने के मामले में शालीमार गार्डन थाना पुलिस ने मंगलवार को एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी किए गहने और 60 हजार रुपये बरामद किए हैं। आरोपी के खिलाफ दिल्ली में डेढ़ दर्जन चोरी के केस दर्ज हैं।
एसीपी शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह ने बताया कि राधा कृष्णा सोसायटी निवासी विशाल गोयल के फ्लैट का ताला तोड़कर 11 नवंबर को गहने और नकदी चोरी हो गए थे। पुलिस ने 17 नवंबर को मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपी जाकिर उर्फ जकरा निवासी न्यू सीमापुरी दिल्ली को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने कुछ दिन पहले शालीमार गार्डन की 80 फुटा रोड के पास स्थित एक सोसायटी के फ्लैट का से चोरी की थी। एसीपी ने बताया कि चोरी करके भागते समय आरोपी की जेब से एक अंगूठी रास्ते में गिर गई थी। वहीं, चोरी की दो चूड़ियां उसने सीमापुरी झुग्गी में रहने वाले एक नशे के आदी व्यक्ति को 87 हजार रुपये में बेच दी थीं। इसमें से 27 हजार रुपये वह खर्च कर चुका था, जबकि शेष 60 हजार रुपये पुलिस ने बरामद कर लिए। आरोपी के कब्जे से दो झुमके और पीली धातु की तीन अंगूठियां भी बरामद हुई हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ दिल्ली में चोरी के डेढ़ दर्जन मुकदमे और एनडीपीएस एक्ट का एक मुकदमा दर्ज है।