मोदीनगर। दिल्ली-मेरठ मार्ग स्थित ऋषभ विहार के पास रहने वाले स्क्रैप कारोबारी अखिलेश शर्मा बीते शनिवार को संदिग्ध परिस्थिति में लापता हो गए। परिजनों ने अखिलेश को काफी तलाशा, मगर पता नहीं लगा। पुलिस ने कारोबारी की गुमशुदगी दर्ज की है।
ऋषभ विहार के समीप रहने वाले भीष्म शर्मा ने बताया कि 46 वर्षीय उनके छोटे भाई अखिलेश शर्मा स्क्रैप कारोबारी हैं। अखिलेश शर्मा शनिवार सुबह करीब दस बजे सहारनपुर जाने की बात कहकर घर से गए थे, लेकिन वह न तो सहारनपुर पहुंचे और न घर लौटे। परिजनों ने अखिलेश शर्मा की खोजबीन शुरू की, लेकिन सफलता नहीं मिली। परिजनों को अनहोनी की चिंता सता रही है। एसीपी मोदीनगर भास्कर वर्मा ने बताया कि कारोबारी की गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू कर दी गई है।