ट्रेनों में शुक्रवार को जबरदस्त भीड़ रही। दिल्ली की ओर से अलीगढ़ और मुरादाबाद और मेरठ-सहारनपुर रूट की सभी ट्रेनें फुल रहीं। दिवाली पर घर जाने वालों की संख्या इतनी ज्यादा थी कि लोगों को जनरल कोच के टॉयलेट में भी बैठकर सफर करना पड़ा। जगह के लिए मारामारी के चलते लोगों का सफर मुश्किलों भरा रहा।
वर्किंग डे होने की वजह से शुक्रवार को सुबह की ट्रेनों में भीड़ कम रही, लेकिन शाम पांच बजे के बाद मुरादाबाद, मेरठ और टूंडला रूट की सभी ट्रेनों में जबरदस्त भीड़ रही। सद्भावना एक्सप्रेस, आला हजरत एक्सप्रेस, रीवा, प्रयागराज, बरेली इंटरसिटी, अवध-असम एक्सप्रेस समेत तमाम ट्रेनों में सीटों के लिए मारामारी रही।
ट्रेनों के एसी और स्लीपर कोच तो फुल थे ही जनरल कोच का हाल और भी बुरा था। एक कोच में डेढ़ सौ से पौने दो सौ लोग सवार थे। गैलरी, पायदान और यहां तक की टॉयलेट में भी यात्री सवार थे।
आज रहेगी सबसे ज्यादा भीड़
दिवाली पर घर जाने के लिए ट्रेनों में शनिवार को सबसे ज्यादा भीड़ रहेगी। रविवार को दिवाली है, ऐसे में शनिवार को भी घरों को जाने वालों की संख्या ज्यादा रहेगी। शनिवार को कम दूरी की ट्रेनों में भीड़ रहेगी। इनमें अलीगढ़, मेरठ, हापुड़, मुरादाबाद, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर की ट्रेनें शामिल रहेंगी।
अलीगढ़ दिवाली स्पेशल ईएमयू में पहले दिन कम रहे यात्री
दिवाली और भैया दूज पर ट्रेनों में भीड़ के मद्देनजर रेलवे ने शुक्रवार से गाजियाबाद-अलीगढ़ के बीच दिवाली स्पेशल ईएमयू का संचालन शुरू कर दिया। सुबह 10:55 बजे यह ट्रेन पहली बार अलीगढ़ के लिए रवाना हुई।
पहले दिन ट्रेन में यात्रियों की संख्या बेहद कम रही। वहीं यात्रियों का कहना था कि अलीगढ़ के लिए स्पेशल ट्रेन दोपहर बाद चलाई जानी चाहिए थी। सुबह-सुबह यात्रियों की संख्या कम रहती है।
बसों की छतों पर किया सफर
ट्रेनों के साथ-साथ बसों में भी शुक्रवार को यात्रियों की जबरदस्त भीड़ रही। गाजियाबाद से मेरठ, बुलंदशहर, मुरादाबाद, अलीगढ़, हापुड़, सहारनपुर, एटा, इटावा की ओर जाने वाली बसों में इस कदर भीड़ थी कि यात्रियों को बैठने के लिए सीटें नहीं मिली।
उन्हें छतों पर बैठकर और जान हथेली पर लेकर सफर करना पड़ा। वहीं यात्रियों की संख्या ज्यादा होने की वजह से रोडवेज की बसों ने भी अतिरिक्त फेरे लगाए। रोडवेज अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों की संख्या के मुताबिक रात में भी बसों को संचालित किया गया।