नौरसपुर गांव में मासूम की मौत के बाद घर में मौजूद परिजन व स्थानीय लोग। संवाद
लोनी। चार वर्षीय भाई को स्कूल बस तक छोड़ने गए तीन साल के प्रणव की एक लापरवाही ने जान ले ली। मां बड़े बेटे को बस में सीट पर बैठा रही थीं, तभी चालक ने बस आगे बढ़ा दी। बस का अगला पहिया प्रणव के ऊपर से गुजर गया। हादसे के बाद चालक बस छोड़कर फरार हो गया।
घटना सोमवार सुबह ट्रोनिका सिटी थाना क्षेत्र के नौरसपुर गांव की है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने बस चालक के खिलाफ लापरवाही के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
नौरसपुर निवासी डीजे संचालक पवन कुमार परिवार के साथ रहते हैं। परिवार में पत्नी साक्षी व चार वर्षीय बेटे आरव के अलावा तीन वर्षीय प्रणव था। आरव बागपत के सुभानपुर स्थित एक निजी स्कूल में पढ़ता है।
साक्षी ने बताया कि सोमवार सुबह करीब आठ बजे वह घर के सामने खड़ी स्कूल बस में आरव को बैठाने गई थीं। इस दौरान छोटा बेटा प्रणव भी उनके साथ बस तक आ गया। वह आरव को सीट पर बैठा ही रही थीं कि चालक ने बिना इंतजार किए बस आगे बढ़ा दी। इससे बस का अगला पहिया प्रणव के ऊपर से गुजर गया।
मासूम की चीख सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर दौड़े। लोगों की भीड़ जुटती देख चालक बस छोड़कर फरार हो गया। गंभीर हालत में प्रणव को दिल्ली के जीटीबी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बेटे की मौत से परिवार में कोहराम मचा है।
एसीपी लोनी रामकिशन ने बताया कि मां की शिकायत पर बस चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। स्कूल बस को कब्जे में लेकर जांच की गई है और उसके सभी दस्तावेज सही पाए गए हैं। आरोपी चालक की तलाश की जा रही है।
नौरसपुर गांव में मासूम की मौत के बाद घर में मौजूद परिजन व स्थानीय लोग। संवाद