हापुड़ चुुंगी पर सिल्वर लाइन प्रेस्टीज स्कूल की बस ने दो कारों में टक्कर मार दी। हादसे में कार और बस सवार सात लोग बाल-बाल बचे। चालक बस छोड़कर भाग गया। गनीमत रही बस में स्कूली बच्चे सवार नहीं थे।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसा सोमवार दोपहर करीब दो बजे हुआ। कार सवार हापुड़ चुंगी पर रेड लाइट के ग्रीन होने का इंतजार कर रहे थे, इस दौरान पीछे से आई बस ने पहले क्रॉसिंग्स रिपब्लिक सोसायटी निवासी रिटायर्ड कंपनी अफसर लोकेंद्र की कार में पीछे से टक्कर मारी।
इसके बाद भागने की फिराक में बस डिवाइडर पर चढ़ाते हुए मोदीनगर निवासी कंपनी मैनेजर जगमोहन अग्रवाल की कार को ठोक दिया। दोनों कारें और बस क्षतिग्रस्त हो गईं। जगमोहन, लोकेंद्र और बस में सवार पांच लोग बाल-बाल बचे। राहगीरों ने इसकी सूचना पास ही चेकिंग कर रहे पुलिसकर्मियों को दी।
पुलिसकर्मियों के सामने चालक रफूचक्कर हो गया। इस दौरान कुछ देर यातायात बाधित रहा। एसएचओ कविनगर ने बताया कि स्कू ल प्रबंधन को घटना की सूचना दी है। चालक की तलाश की जा रही है।
तहरीर नहीं मिली है। स्कूल चेयरमैन सुभाष जैन का कहना है कि ड्राइवर ने कार सवार को बचाने में बस डिवाइडर पर चढ़ाई थी, जिससे हादसा बच गया। चालक की गलती नहीं है।