नवयुग मार्केट स्थित एसबीआई की मुख्य शाखा ने शनिवार से मोबाइल कैश वैन शुरू की। इस वैन की सहायता से बैंक अधिकारियों ने एनडीआरएफ की आठवीं बटालियन जाकर जवानों को जरूरत के हिसाब से कैश वितरित किया। बैंक अधिकारियों का कहना है कि जरूरत के हिसाब से दुकानों व केमिस्ट की दुकानों पर भी स्वैप मशीन द्वारा कैश दिया जा रहा है।
एसबीआई के रीजनल मैनेजर एसके गोयल ने बताया कि एनडीआरएफ के जवानों की सहायता के लिए एसबीआई ने मोबाइल कैश वैन शुरू की है। वैन ने बैंकिंग ऑवर तक गोविंदपुरम स्थित एनडीआरएफ की आठवीं बटालियन पहुंचकर जवानों को कैश दिए।
जवानों के एटीएम कार्ड से स्वैप करके प्रत्येक को जरूरत के लिए 1000 रुपये दिए गए। वैसे अधिकतम सीमा 2000 रुपये है। जिसको 2 हजार रुपये की जरूरत थी, उन्हें उतनी धनराशि दी गई। उन्हाेंने बताया कि एसबीआई दुकानदारों के माध्यम से भी लोगों को कैश दे रही है।
यह कार्य खोड़ा, मोदीनगर, गोविंदपुरी, तुराब नगर, नेहरू नगर, मॉडल टाउन क्षेत्र की चुनिंदा दुकानों पर कार्ड स्वैप करके लोगों को धनराशि दी जा रही है। बैंक प्रबंधन की कोशिश है कि यह सुविधा अन्य बाजाराें में भी जल्द शुरू की जाएगी। जब ग्राहकों के पास रुपये निकालने के लिए कई विकल्प होंगे तो बैंक और एटीएम के बाहर भीड़ नहीं लगेगी।