शहर में बिजली गिरने का सिलसिला थम नहीं रहा। शुक्रवार अपराह्न 3.50 बजे संजय नगर, सेक्टर-23 स्थित स्कल्पचर पार्क की बाउंड्री के बाहर के-ब्लॉक के ट्रांसफार्मर पर तेज धमाके के साथ बिजली गिरी।
धमका इतना तेज था कि के-ब्लॉक समेत पूरे संजय नगर में दहशत फैल गई। घरों के बाहर खड़ी कारों के हार्न बजने लगे और लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। गनीमत रही कि बिजली किसी बिल्डिंग पर नहीं गिरी, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था।
विद्युत निगम के एसई के मुताबिक बिजली गिरने से ट्रांसफार्मर पूरी तरह खराब हो गया है। लिहाजा दूसरा ट्रांसफार्मर लगाकर क्षेत्र में बिजली बहाल की गई है। बता दें कि कुछ दिन पहले नेहरू नगर के एक शोरूम पर भी बिजली गिरने से पूरा शोरूम ध्वस्त हो गया था।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोपहर को मौसम सुहाना हो गया था। ऐसा लगा कि बारिश होगी लेकिन बारिश नहीं हुई। इसी दौरान अपराह्न 3.50 बजे तेज धमाके के साथ बिजली गिरी। धमाका इतना तेज था कि लोग अपने फ्लैट से निकलकर बाहर आ गए।
क्षेत्रवासियों को लगा कि कहीं बम धमाका हुआ है। इस घटना से क्षेत्र में करीब दो घंटे बिजली सप्लाई बाधित रही। उधर, विभाग के एसई एसबी यादव का कहना है कि बिजली गिरने से क्षेत्र की सप्लाई कट हो गई। सूचना मिलते ही ट्रांसफार्मर को बदलकर सप्लाई को शुरू कर दिया गया।
बारिश में बिजली गिरी, दीवार ढही
तेज बारिश से शुक्रवार दोपहर दिलशाद बुधनगर में निर्माणाधीन मकान की दीवार पड़ोस की छत पर गिर गई। हादसे में एक बच्ची घायल हो गई। उधर, विकास कुंज कालोनी में बिजली गिरने से घर में रखा इलेक्ट्रानिक सामान जल गया।
दिलशाद बुधनगर कालोनी निवासी पप्पू कढ़ाई का काम करते हैं। शुक्रवार दोपहर बारिश के दौरान पड़ोसी सलमान के निर्माणाधीन मकान की दीवार उनकी छत पर आ गिरी। दीवार की ईंटें छत तोड़ते हुए नीचे गिरी, जिसमें उनकी 12 वर्षीय बेटी मुस्कान घायल हो गई।
मुस्कान को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, उसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है। उधर, विकास कुंज कालोनी में राजमिस्त्री मोहम्मद इश्तियाक शाम चार बजे परिवार के साथ घर पर ही थे।
बारिश के दौरान बिजली उनके मकान पर आ गिरी, जिससे घर की छत पर रखी पानी की टंकी फट गई। घर में रखा इंवर्टर, बिजली मीटर समेत इलेक्ट्रानिक सामान जल गया।