अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से हिंदू रक्षा दल और स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से शुक्रवार को शालीमार गार्डन में महादान अभियान के तहत रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। हिंदू रक्षा दल के कार्यालय पर रक्तदान शिविर लगाया गया, जहां 51 लोग रक्तदान कर महादानी बने।
सुुबह 10 बजे रक्तदान शिविर की शुरुआत हुई। एमएमजी जिला अस्पताल से डा. एके दुआ के नेतृत्व में डॉक्टरों की टीम हिंदू रक्षा के दल के कार्यालय पहुंची। हिंदू रक्षा दल के कार्यकर्ताओं में रक्तदान के लिए उत्साह देखने को मिला।
शाम चार बजे तक शिविर चला और 51 यूनिट रक्त इकट्ठा किया गया। डॉक्टरों की टीम में डा. संदीप पंवार, डा. आसिफ खान, डा. विनोद कुमार समेत योगेंद्र सिंह, पल्लवी, विकास, विपुल आदि मौजूद रहे।
हिंदू रक्षा दल के प्रवक्ता विकास हिंदू ने बताया कि दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह तोमर के जन्मदिन के अवसर पर रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें कार्यकर्ताओं ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया।
इस दौरान डॉक्टरों ने जानकारी दी कि एक यूनिट रक्त से चार जिंदगी बचाई जा सकती है और एक वर्ष में अधिकतम चार बार ही रक्तदान किया जा सकता है। रक्तदान करने से कोई परेशानी नहीं होती है और 48 से 72 घंटे के अंदर रक्त दोबारा बन जाता है।